देश की प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालय Jamia Millia Islamia (जेएमआई) ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए अपना विस्तृत प्रॉस्पेक्टस जारी कर दिया है। करीब 150 पन्नों के इस प्रॉस्पेक्टस में अंडरग्रेजुएट (UG), पोस्टग्रेजुएट (PG), एडवांस्ड डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा, सर्टिफिकेट और डिप्लोमा कार्यक्रमों में प्रवेश से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल हैं। विश्वविद्यालय ने इस बार 30 नए प्रोग्राम शुरू करने की घोषणा की है, जबकि किसी भी कोर्स की फीस में कोई वृद्धि नहीं की गई है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है।
प्रॉस्पेक्टस का विमोचन जेएमआई के कुलपति प्रो. मज़हर आसिफ और रजिस्ट्रार प्रो. मोहम्मद महताब आलम रिज़वी ने परीक्षा नियंत्रक प्रो. एहतेशामुल हक तथा अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में किया। प्रॉस्पेक्टस में पात्रता मानदंड, आवेदन प्रक्रिया, प्रवेश परीक्षा, एडमिट कार्ड, परीक्षा केंद्र, फीस संरचना और परिणाम की अस्थायी समयसीमा का विस्तृत विवरण दिया गया है।

30 नए कोर्स: भाषाओं से लेकर एआई और रोबोटिक्स तक
सीओई प्रो. एहतेशामुल हक के अनुसार, इस सत्र में 30 नए कार्यक्रम जोड़े गए हैं, जो जेएमआई के शैक्षणिक विस्तार को दर्शाते हैं। नए कोर्स में बी.ए. (ऑनर्स) जापानी अध्ययन, जर्मन अध्ययन, उज़्बेक भाषा, साहित्य और संस्कृति, मानव संसाधन प्रबंधन, बाल मार्गदर्शन एवं परामर्श में एडवांस्ड डिप्लोमा, एम.एससी. (जैव विज्ञान, जैव प्रौद्योगिकी, वनस्पति विज्ञान), एम.ए. (समाज कार्य, एचआरएम, समाजशास्त्र), आईटीईपी बी.एससी.-बी.एड. और बी.ए.-बी.एड., एम.एससी. (नवीकरणीय ऊर्जा), बी.टेक. (रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), सिविल इंजीनियरिंग (कंस्ट्रक्शन टेक्नोलॉजी), एलएलएम (क्रिमिनल, कॉर्पोरेट और पर्सनल लॉ), पीजी डिप्लोमा इन कम्प्यूटेशनल डिजाइन एंड एआई, होटल मैनेजमेंट में मास्टर, बी.वोक. (मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स), एम.एससी. (बायोफिजिक्स) और एम.टेक. (मटेरियल साइंस एंड टेक्नोलॉजी) जैसे विविध विषय शामिल हैं। इनमें कई कार्यक्रम स्व-वित्तपोषित श्रेणी में हैं।
FYUP और मल्टीपल एंट्री मोड से बढ़ेगी लचीलापन
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम (FYUP) के लिए मल्टीपल एंट्री-एग्जिट मोड के तहत प्रवेश इसी सत्र से शुरू होंगे। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान लचीलापन मिलेगा और वे निर्धारित चरणों पर सर्टिफिकेट, डिप्लोमा या डिग्री के साथ बाहर निकल सकेंगे या आगे पढ़ाई जारी रख सकेंगे।

फीस स्थिर, टेस्ट सेंटर बढ़े
जेएमआई ने 2026–27 सत्र के लिए किसी भी कोर्स की फीस नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया है, जिसे छात्रों के हित में बड़ा कदम माना जा रहा है। देशभर में पहुंच बढ़ाने के लिए प्रवेश परीक्षा केंद्रों की संख्या 11 कर दी गई है। नए केंद्र जयपुर, देहरादून और किशनगंज में जोड़े गए हैं। मौजूदा केंद्रों में दिल्ली, लखनऊ, गुवाहाटी, पटना, कोलकाता, श्रीनगर, कालीकट और भोपाल शामिल हैं।
विदेशी छात्रों के लिए रियायती फीस
उच्च शिक्षा के अंतरराष्ट्रीयकरण के तहत जेएमआई ने विदेशी छात्रों के लिए सामान्य और सुपरन्यूमरेरी सीट श्रेणी में फीस में उल्लेखनीय कमी की है। सार्क, पश्चिम एशिया, अफ्रीका और लैटिन अमेरिकी देशों के विद्यार्थियों के लिए क्षेत्रवार अलग फीस संरचना लागू की गई है।

आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां
विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन फॉर्म 20 फरवरी से 25 मार्च 2026 तक उपलब्ध रहेंगे। जिन कोर्स में प्रवेश JEE Main, NATA, NEET, NCET और CUET की मेरिट से होगा, उनके लिए आवेदन संबंधित परीक्षा एजेंसियों के परिणाम घोषित होने के 10 दिन बाद तक स्वीकार किए जाएंगे। FYUP के मल्टीपल एंट्री कार्यक्रमों में रिक्त सीटों के लिए आवेदन 20 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 तक खुले रहेंगे।
कुलपति प्रो. आसिफ ने कहा कि नए कार्यक्रमों को NEP 2020 के अनुरूप सावधानीपूर्वक डिजाइन किया गया है और फीस न बढ़ाने का फैसला छात्रों के हित में है। रजिस्ट्रार प्रो. रिज़वी ने इसे जेएमआई की अकादमिक सख्ती, नवाचार और बदलते वैश्विक शैक्षणिक परिवेश के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय ने पारदर्शी और निष्पक्ष प्रवेश प्रक्रिया सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे प्रॉस्पेक्टस को ध्यान से पढ़ें और केवल आधिकारिक जेएमआई एडमिशन पोर्टल के माध्यम से ही ऑनलाइन आवेदन करें।