शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 544 अंक चढ़ा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-06-2026
Stock market rises for the third consecutive day, Sensex rises 544 points
Stock market rises for the third consecutive day, Sensex rises 544 points

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी रही। सेंसेक्स 544 अंक चढ़कर बंद हुआ जबकि निफ्टी में 135 अंक की बढ़त दर्ज की गई।

बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 544.15 अंक यानी 0.71 प्रतिशत चढ़कर 76,808.48 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 582.41 अंक या 0.76 प्रतिशत चढ़कर 76,846.74 अंक तक पहुंच गया था।
 
वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 135.25 अंक यानी 0.57 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,989.15 अंक पर बंद हुआ। दिन में यह 148.7 अंक या 0.62 प्रतिशत चढ़कर 24,002.60 अंक तक चला गया था।
 
विशेषज्ञों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के शुद्ध खरीदार बनने से भी कारोबारी धारणा को समर्थन मिला।
 
सेंसेक्स की कंपनियों में से एचसीएल टेक, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और बजाज फाइनेंस के शेयरों में तेजी रही।
 
दूसरी तरफ, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति सुजुकी और टाटा स्टील के शेयरों में गिरावट का रुख रहा।
 
अमेरिका-ईरान समझौते की घोषणा के बाद वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड लगभग दो प्रतिशत गिरकर 81.45 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
 
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, “घरेलू बाजारों में तेजी का रुख जारी रहा, जिसे अमेरिका-ईरान तनाव में कमी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से समर्थन मिला। आईटी, रियल्टी, एफएमसीजी और तेल एवं गैस क्षेत्र में व्यापक खरीदारी देखी गई।”
 
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में रहे।
 
यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार सोमवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे, जहां नैस्डैक कम्पोजिट 3.07 प्रतिशत, एसएंडपी 500 1.65 प्रतिशत और डाउ जोन्स 0.92 प्रतिशत चढ़े।