Stock market closed higher for the second consecutive day, Sensex jumped 828 points
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रमुख कंपनियों रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी बैंक में लिवाली और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 828 अंक और निफ्टी 244 अंक के लाभ में रहा।
विश्लेषकों के मुताबिक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के जून तिमाही के बेहतर नतीजों के बाद सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) शेयरों में आई तेजी से भी बाजार को मजबूती मिली।
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 827.57 अंक यानी 1.08 प्रतिशत उछलकर 77,569.39 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 900.41 अंक यानी 1.17 प्रतिशत चढ़कर 77,642.23 अंक तक पहुंच गया था।
एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 244.10 अंक यानी 1.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,206.90 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील और इन्फोसिस के शेयर प्रमुख रूप से बढ़त के साथ बंद हुए। देश की सबसे बड़ी आईटी सेवा कंपनी टीसीएस का शेयर करीब एक प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ।
कंपनी ने बृहस्पतिवार को बताया कि जून तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 4.61 प्रतिशत बढ़कर 13,349 करोड़ रुपये हो गया।
दूसरी तरफ, इटर्नल (जोमैटो और ब्लिंकिट का संचालन करने वाली), भारती एयरटेल, सन फार्मा और ट्रेंट के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.30 प्रतिशत गिरकर 76.07 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक नुकसान में रहा।
यूरोपीय बाजारों में मिला-जुला रुख रहा, जबकि अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।