Sensex and Nifty under pressure in early trade due to renewed global tensions.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर बढ़ी तनातनी से सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को शुरुआती कारोबार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 63.65 अंक टूटकर 77,047.63 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 16.55 अंक की मामूली बढ़त के साथ 24,070.20 अंक पर पहुंच गया। बाद में सेंसेक्स 246.54 अंक लुढ़ककर 76,853.93 अंक पर जबकि निफ्टी 50.55 अंक फिसलकर 24,005.45 अंक पर कारोबार करने लगा।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अदाणी पोर्ट्स, इंटरग्लोब एविएशन, एचसीएल टेक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। वहीं, इटर्नल, ट्रेंट, एशियन पेंट्स और टेक महिंद्रा के शेयर में बढ़त दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की 225 गिरावट में रहे जबकि चीन के एसएसई कम्पोजिट तथा हांगकांग के हैंग सेंग में बढ़त दर्ज की गई।
अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को मामूली गिरावट के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.72 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72.51 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। हालांकि, यह अब भी अपेक्षाकृत अनुकूल स्तर पर है।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को शुद्ध लिवाल रहे थे और उन्होंने 383.76 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 109.25 अंक और निफ्टी 34.35 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ था। मुहर्रम के कारण शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार बंद थे।