रुपया शुरुआती कारोबार में 31 पैसे चढ़कर 95.12 प्रति डॉलर पर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-08-2026
Rupee rises 31 paise to 95.12 per dollar in early trade
Rupee rises 31 paise to 95.12 per dollar in early trade

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 31 पैसे की मजबूती के साथ 95.12 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर हमले टालने के फैसले के बाद डॉलर के कमजोर होने से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला।
 
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के निवेश, देश के विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के समर्थन से भी स्थानीय मुद्रा को मजबूती मिली।
 
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया 95.15 पर खुला। बाद में 95.12 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 31 पैसे की बढ़त दर्शाता है।
 
रुपया शुक्रवार को लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में बढ़त में रहा और सात पैसे मजबूत होकर 95.43 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
 
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.17 प्रतिशत टूटकर 99.74 पर रहा।
 
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 470.06 अंक चढ़कर 78,564.70 अंक पर जबकि निफ्टी 150 अंक की बढ़त के साथ 24,532.95 अंक पर रहा।
 
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 5.0 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83.66 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
 
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को शुद्ध रूप से 277.48 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।