रुपया शुरुआती कारोबार में 20 पैसे टूटकर सर्वकालिक निचले स्तर 95.86 प्रति डॉलर पर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-05-2026
Rupee falls 20 paise to all-time low of 95.86 per dollar in early trade
Rupee falls 20 paise to all-time low of 95.86 per dollar in early trade

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

रुपया शुरुआती कारोबार में 20 पैसे टूटकर सर्वकालिक निचले स्तर 95.86 प्रति डॉलर पर

रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 20 पैसे टूटकर अब तक के सबसे निचले स्तर 95.86 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और पश्चिम एशिया संकट को लेकर चिंताओं से घरेलू मुद्रा पर दबाव है।

रुपया इस साल एशिया की सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाली मुद्रा बन गया है और इसमें अब तक छह प्रतिशत से अधिक की गिरावट आ चुकी है। महंगा कच्चा तेल, मजबूत अमेरिकी डॉलर और पश्चिम एशिया संकट को लेकर बढ़ती चिंताएं इसकी मुख्य वजह हैं।
 
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.74 प्रति डॉलर पर खुला। फिर टूटकर 95.86 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 20 पैसे की गिरावट दर्शाता है।
 
रुपया बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर 95.80 पर पहुंचने के बाद 95.66 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
 
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 98.48 पर रहा।
 
घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 424.44 अंक चढ़कर 75,033.42 अंक पर जबकि निफ्टी 141.90 अंक चढ़कर 23,554.50 पर पहुंच गया।
 
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.44 प्रतिशत की बढ़त के साथ 106.10 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।
 
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 4,703.15 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।