आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तमिलनाडु के सभी 38 जिलों में 2027 की जनगणना के लिए 1.6 लाख से अधिक कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा।
बुधवार देर रात जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, जनगणना के इस चरण में राज्य के 25 नगर निगम, 651 कस्बे और 15,437 गांव शामिल किए जाएंगे। इसके लिए लगभग 1.43 लाख गणना खंड बनाए गए हैं।
इस कार्य में अनुमानित 1,41,083 गणनाकर्मी और 20,467 पर्यवेक्षक हिस्सा लेंगे।
राजस्व प्रशासन आयुक्त, जिलाधिकारियों और नगर आयुक्तों ने इस बात पर जोर दिया है कि राज्य के प्रत्येक परिवार और हर व्यक्ति को जनगणना में शामिल किया जाए।
जनगणना में तमिलनाडु के सभी क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा। इनमें दूरदराज के गांव, छोटी-छोटी बस्तियां, नयी आवासीय कॉलोनियां, झुग्गी बस्तियां, बहुमंजिला आवासीय इमारतें, आवासीय एवं व्यावसायिक उपयोग वाली इमारतें और तेजी से विकसित हो रहे शहरी इलाके शामिल हैं।
पिछली बार मकानों की सूची तैयार किए जाने के बाद बनी नयी सड़कों, बस्तियों और इमारतों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिलाधिकारी और नगर आयुक्त यह सुनिश्चित करेंगे कि ऐसे सभी क्षेत्रों की पहचान कर उन्हें जनगणना में शामिल किया जाए, ताकि कोई भी इलाका या परिवार छूट न जाए।