IDBI Bank shares fell 7.5 percent.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कनाडा की फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स के आईडीबीआई बैंक में 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 53,000 करोड़ रुपये (5.5 अरब डॉलर) में खरीदने के सौदे की घोषणा के बाद बृहस्पतिवार को बैंक के शेयर में 7.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
बीएसई पर शेयर 7.54 प्रतिशत टूटकर 83.62 रुपये पर आ गया। एनएसई पर इसमें 7.48 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 83.62 रुपये पर कारोबार करने लगा।
बुधवार को सौदे की घोषणा से पहले आईडीबीआई बैंक के शेयरों में नौ प्रतिशत की तेजी आई थी, जिससे कंपनी के बाजार मूल्यांकन में 8,086 करोड़ रुपये जुड़ गए थे।
कनाडा की फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स आईडीबीआई बैंक में 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 53,000 करोड़ रुपये (5.5 अरब डॉलर) में खरीदेगी। यह किसी भारतीय बैंक में अब तक का सबसे बड़ा विदेशी निवेश होगा।
आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने फेयरफैक्स की अनुषंगी कंपनी एम/एस 10955230 कनाडा इंक को रणनीतिक खरीदार के रूप में मंजूरी दी है। यह कंपनी सरकार की 30.48 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 26,620 करोड़ रुपये में और सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की 30.24 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 26,440 करोड़ रुपये में खरीदेगी।