ई-20 ईंधन पर वाहन कंपनियों से लिखित आश्वासन मांगेंगे केजरीवाल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-07-2026
Kejriwal will seek written assurance from auto companies on E-20 fuel
Kejriwal will seek written assurance from auto companies on E-20 fuel

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि वह देश की तीन प्रमुख वाहन निर्माता कंपनियों को पत्र लिखकर यह मांग करेंगे कि वे लिखित रूप में आश्वासन दें कि ई-20 ईंधन के इस्तेमाल से वाहनों के इंजन को कोई नुकसान नहीं होता और न ही माइलेज में कमी आती है।
 
केजरीवाल ने यह भी कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर एथेनॉल मिश्रित ईंधन को लेकर लोगों के ‘व्यापक विरोध’ से उन्हें अवगत कराएंगे और आग्रह करेंगे कि इस ईंधन के उपयोग को वैकल्पिक बनाया जाए।
 
एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने मारुति सुजुकी, टोयोटा किर्लोस्कर और हीरो मोटोकॉर्प का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि इन कंपनियों के सार्वजनिक बयान उनके वाहनों की ‘ओनर मैनुअल’ (उपयोगकर्ता पुस्तिका) में दी गई जानकारी से मेल नहीं खाते।
 
उन्होंने कहा, ‘‘मैं इन सभी कंपनियों को पत्र लिखूंगा। मैं उनसे कहूंगा कि आपके ‘ओनर मैनुअल’ में कुछ बात लिखी है, लेकिन आप सार्वजनिक रूप से कुछ और कह रहे हैं। आप लिखित में यह आश्वासन दें कि यदि आपके वाहन का माइलेज 10 प्रतिशत से अधिक कम हो जाता है, तो क्या आप ग्राहक को इसकी भरपाई करेंगे?’’