सितंबर तक लागू हो सकता है भारत-ईएफटीए व्यापार समझौता : पीयूष गोयल

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 09-06-2025
India-EFTA trade agreement may come into force by September: Piyush Goyal
India-EFTA trade agreement may come into force by September: Piyush Goyal

 

बर्न

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को संकेत दिया कि भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (EFTA) के बीच मुक्त व्यापार समझौता (FTA) इस वर्ष सितंबर तक लागू हो सकता है।

गोयल इन दिनों स्विट्जरलैंड के आधिकारिक दौरे पर हैं और व्यापारिक साझेदारी को मजबूत करने के प्रयासों में जुटे हैं।

उन्होंने बताया कि भारत और EFTA—जिसमें स्विट्जरलैंड, नॉर्वे, आइसलैंड और लिश्टेंस्टीन शामिल हैं—ने 10 मार्च 2024 को व्यापार और आर्थिक भागीदारी समझौते (TEPA) पर हस्ताक्षर किए थे। इस समझौते के तहत अगले 15 वर्षों में भारत में 100 अरब डॉलर का निवेश प्रस्तावित है।

गोयल ने कहा,

“इस समझौते को सभी चार देशों की संसदों से मंजूरी मिल चुकी है। हालांकि स्विट्जरलैंड में 10 जुलाई तक आपत्ति दर्ज की जा सकती है। उसके बाद अगस्त में गर्मियों की छुट्टियों के चलते सितंबर तक इसे लागू करने की संभावना है।”

इस समझौते के तहत भारत को स्विस घड़ियां, चॉकलेट और हीरे जैसे उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों पर कम या शून्य शुल्क की सुविधा मिलेगी, जो द्विपक्षीय व्यापार को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकता है।

गोयल ने अपनी यात्रा के दौरान स्विट्जरलैंड की एक दर्जन से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि अधिकतर कंपनियां भारत में औषधि निर्माण, साइबर सुरक्षा और मशीनरी विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश करने की इच्छुक हैं।

उन्होंने कहा,

"भारत के प्रति यहां बहुत सकारात्मक ऊर्जा है और कंपनियां भारत के विकास यात्रा में भागीदारी को लेकर उत्साहित हैं।"