अलीगढ़।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) ने देशभर के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए आयोजित अखिल भारतीय निबंध लेखन प्रतियोगिता-2026 के विजेताओं की घोषणा कर दी है। प्रतियोगिता अंग्रेजी, हिंदी और उर्दू भाषाओं में आयोजित की गई थी।
अंग्रेजी श्रेणी में मालिहा इकबाल प्रथम
अंग्रेजी श्रेणी में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की मालिहा इकबाल ने पहला स्थान हासिल किया। दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज फॉर वुमेन की अपूर्वा दत्ता दूसरे और इलाहाबाद विश्वविद्यालय की राजश्री मिश्रा तीसरे स्थान पर रहीं।
उर्दू श्रेणी में मोहम्मद फैजुर रजा ने बाजी मारी
उर्दू श्रेणी में मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी, हैदराबाद के मोहम्मद फैजुर रजा ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। एएमयू में उर्दू विषय के पीएचडी शोधार्थी मुनव्वर अली दूसरे स्थान पर रहे, जबकि एएमयू के बेगम अजीजुन निसा हॉल में रहने वाली उर्दू की पीएचडी शोधार्थी साजी बी ने तीसरा स्थान हासिल किया।
हिंदी श्रेणी में सलवा फातिमा प्रथम
हिंदी श्रेणी में एएमयू के वीमेंस कॉलेज की सलवा फातिमा ने पहला पुरस्कार जीता। जामिया मिल्लिया इस्लामिया, नई दिल्ली के मुशर्रफ परवेज दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, एएमयू के वीमेंस पॉलिटेक्निक में डिप्लोमा इन इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की छात्रा सुभाना रेहान ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
सर सैयद के विचारों पर आधारित था विषय
प्रतियोगिता का विषय था, ‘21वीं सदी में तकनीक और नैतिकता : सर सैयद का दृष्टिकोण।’ अंग्रेजी में दिए गए इस विषय के अनुरूप हिंदी और उर्दू में भी निबंध आमंत्रित किए गए थे।इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीकी प्रगति, नैतिक मूल्यों और सर सैयद अहमद खान की शैक्षिक दृष्टि के बीच संबंधों पर विचार करने के लिए प्रोत्साहित करना था।
विजेताओं को मिलेंगे 25 हजार रुपये तक के पुरस्कार
प्रत्येक भाषा श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 25,000 रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 15,000 रुपये और तीसरे स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को 10,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।