आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बुधवार को विश्व के नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘‘इस निरर्थक और कभी न खत्म होने वाले युद्ध’’ को समाप्त करने की राह में केवल रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ही बाधा हैं।
जेलेंस्की ने विश्व के सभी देशों से रूसी राष्ट्रपति पर शांति के लिए दबाव बनाने की अपील की। उन्होंने वैश्विक नेताओं से रूस के राजस्व स्रोतों और उसकी युद्ध संबंधी गतिविधियों को रोकने की अपील की।
जेलेंस्की ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की वार्षिक बैठक में कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य रूस की उस क्षमता को निशाना बनाना है, जिसके जरिए वह इस युद्ध को वित्तपोषित कर सकता है, इसे लंबा खींच सकता है तथा इसे और अधिक विनाशकारी बना सकता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यदि पुतिन को रोकना है, तो रूस की वित्तीय व्यवस्था और उत्पादन क्षमता को निशाना बनाना होगा।’’
जेलेंस्की ने कहा, ‘‘जब रूस को व्यापार से पैसा मिलता है, तो वह हमेशा कूटनीति से इनकार करता है। इसलिए रूस के राजस्व को निशाना बनाये रखना आवश्यक है।’’
बुधवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव की यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री साइबिहा एवं यूरोप के उनके समर्थकों के साथ तनातनी नजर आयी।
बाद में लावरोव और अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने महासभा की बैठक से इतर मुलाकात की और युद्ध पर चर्चा की।
रुबियो ने बाद में पत्रकारों से कहा कि रूस और यूक्रेन ने एक सीमित युद्धविराम में रुचि दिखाई है, जिसके तहत अनाज की खेपों पर होने वाले हमलों को रोका जायेगा और दोनों देशों के ऊर्जा क्षेत्रों पर होने वाले हमले भी रोक दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि किसी आंशिक समझौते पर पहुंच पाना मुश्किल होगा लेकिन इस दिशा में प्रयास किया जा सकता है और जेलेंस्की ने सार्वजनिक रूप से ऐसी योजना का समर्थन किया है।