नेपाल में ‘जेन जेड’ विरोध के बाद पहले आम चुनाव के लिए मतदान जारी

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 05-03-2026
Voting underway in Nepal for first general election since 'Gen Z' protests
Voting underway in Nepal for first general election since 'Gen Z' protests

 

काठमांडू

नेपाल में पिछले साल हुए ‘जेन जेड’ विरोध प्रदर्शनों के बाद देश के पहले आम चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान शुरू हो गया। देशभर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में चल रहा है।पिछले साल हुए हिंसक ‘जेन जेड’ प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली की सरकार गिर गई थी। ‘जेन जेड’ शब्द 1997 से 2012 के बीच पैदा हुई पीढ़ी के युवाओं के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

इस आम चुनाव में 1.89 करोड़ से अधिक नेपाली मतदाता मतदान करने के लिए पात्र हैं। नेपाल की 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा की 165 सीटों के लिए प्रत्यक्ष मतदान हो रहा है, जिनके लिए 3,406 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं 110 सीटों पर अनुपातिक मतदान होगा, जिनके लिए 3,135 उम्मीदवार चुनावी दौड़ में हैं।

मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। मतपेटियां एकत्र होते ही मतगणना शुरू कर दी जाएगी।निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता नारायण प्रसाद भट्टराई ने कहा, “दक्षिणी मैदानी इलाकों, पहाड़ी और पर्वतीय क्षेत्रों समेत सभी निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया। देशभर में चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हुआ है।”

कार्यवाहक निर्वाचन आयुक्त राम प्रसाद भंडारी ने मतदान की पूर्व संध्या पर संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय और उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।

भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और राजनीतिक नेतृत्व में बदलाव की मांग को लेकर ‘जेन जेड’ के युवाओं ने पिछले साल आठ और नौ सितंबर को विरोध प्रदर्शन किए थे। इसके परिणामस्वरूप नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) अध्यक्ष और प्रधानमंत्री ओली पद से हटा दिए गए थे।

ओली के अपदस्थ होने के बाद राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने 12 सितंबर को प्रतिनिधि सभा भंग कर दी थी और सुशीला कार्की को कार्यवाहक प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया था।निर्वाचन आयोग के अनुसार, चुनाव के लिए कुल 10,967 मतदान बूथ और 23,112 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस चुनाव में 65 राजनीतिक दल हिस्सा ले रहे हैं। नेपाल ने चुनाव के दौरान बुधवार से तीन दिन की छुट्टी भी घोषित की है।