ई-चालान के खिलाफ आंदोलन करेंगे महाराष्ट्र के ट्रांसपोर्टर, अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 05-03-2026
Maharashtra transporters to protest against e-challans, announce indefinite strike
Maharashtra transporters to protest against e-challans, announce indefinite strike

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
महाराष्ट्र में अनेक ट्रांसपोर्टर ने ई-चालान और अन्य समस्याओं के विरोध में बृहस्पतिवार से राज्यव्यापी ‘‘चक्का जाम’’ का एलान किया तथा आधी रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने का फैसला लिया है।

महाराष्ट्र परिवहन आयुक्त के कार्यालय में बुधवार शाम हुई वार्ता के अंतिम दौर में भी कोई खास निष्कर्ष नहीं निकलने के बाद ‘महाराष्ट्र ट्रांसपोर्ट एक्शन कमेटी’ (एम-टीएसी) ने कहा कि वह हड़ताल पर जाने का निर्णय लेगी।
 
एम-टीएसी के प्रतिनिधियों के अनुसार, ट्रांसपोर्टर मुंबई के आजाद मैदान में और राज्य के अन्य हिस्सों में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे, जिसके बाद वह रात से हड़ताल पर रहेंगे।
 
एम-टीएसी ने कहा कि अनिश्चितकालीन आंदोलन के दौरान स्कूल बसें, अनुबंध पर चलने वाली बसें, निजी बसें और ट्रक, टेम्पो, टैक्सी तथा टैंकर सहित वाणिज्यिक वाहन नहीं चलेंगे। ट्रांसपोर्टर ने विरोध स्थलों पर अपने वाहन लाने की भी धमकी दी है।
 
‘स्कूल बस ओनर्स एसोसिएशन’ के पदाधिकारी अनिल गर्ग ने बुधवार को कहा था कि अगर अनिश्चितकालीन हड़ताल होती है तो शुक्रवार से राज्य भर में स्कूल बसें नहीं चलेंगी, हालांकि बृहस्पतिवार को उनकी सेवाएं प्रभावित नहीं रहेंगी।