आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिका के ओहायो राज्य में गवर्नर पद के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार विवेक रामास्वामी ने अपने उस चुनावी विज्ञापन का शुक्रवार को बचाव किया जिसमें उनकी प्रतिद्वंद्वी एवं डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार डॉ. एमी एक्टन की मां उन्हें ‘‘झूठी’’ कह रही हैं।
एक्टन और उनकी मां के बीच लंबे समय से संबंध अच्छे नहीं हैं।
रामास्वामी ने ओहायो के उत्तर-पूर्वी हिस्से में एक चुनाव प्रचार कार्यक्रम के दौरान कहा कि इस विज्ञापन का एक्टन के बचपन में उनके साथ हुए दुर्व्यवहार से कोई लेना-देना नहीं है।
रामास्वामी ने कहा, ‘‘विडंबना यह है कि वे उनके झूठी होने से जुड़े विज्ञापन के बारे में ही झूठ बोल रहे हैं। वे अपनी नाकामियों का जवाब नहीं देना चाहते, इसलिए मुद्दे से ध्यान भटका रहे हैं।’’
विज्ञापन में एक्टन की मां डोना आर्थर अपनी बेटी की आलोचना करती और यह संकेत देती नजर आ रही हैं कि एक्टन को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हैं। एक्टन के सौतेले पिता एवं डोना के पति पर एक्टन से दुष्कर्म का आरोप तय होने के बाद डोना से अपने बच्चों की देखभाल का अधिकार छीन लिया गया था।
ओहायो की पूर्व जन स्वास्थ्य निदेशक एक्टन बचपन में बेघर होने और दुर्व्यवहार का सामना करने के अपने अनुभवों के बारे में खुलकर बात करती रही हैं। उन्होंने इस विज्ञापन को लेकर रामास्वामी की निंदा की है।