यूक्रेन शांति वार्ता सार्थक रही, लेकिन क्षेत्रों के मुद्दे पर गतिरोध : पुतिन के सलाहकार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-12-2025
Ukraine peace talks productive, but deadlock over territories: Putin's adviser
Ukraine peace talks productive, but deadlock over territories: Putin's adviser

 

आवाज द वॉयस/ नई दिल्ली

 
 रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के वरिष्ठ सलाहकार यूरी उशाकोव ने बुधवार को बताया कि यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के लिए रूस और अमेरिका के बीच हुई वार्ता सार्थक रही लेकिन काफी काम बाकी है।
 
पुतिन ने डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की शांति पहल के तहत मंगलवार देर रात रूसी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास क्रेमलिन में अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुश्नर से बंद कमरे में लगभग पांच घंटे तक मुलाकात की। कुश्नर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के दामाद हैं।
 
उशाकोव ने बातचीत को ‘‘उपयोगी, रचनात्मक और ठोस’’ बताया। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति प्रस्ताव की रूपरेखा पर चर्चा हुई है, न कि ‘‘विशिष्ट शब्दों पर’’।
 
उन्होंने स्वीकार किया कि क्षेत्रों के मुद्दे पर "अभी तक कोई समझौता नहीं हुआ है," जिसके बिना क्रेमलिन को "संकट का कोई समाधान नहीं" दिखता।
 
उन्होंने कहा कि कुछ अमेरिकी प्रस्ताव स्वीकार्य लगते हैं, जबकि कुछ अन्य "आलोचना" का विषय बने।
 
वार्ता से ठीक पहले, पुतिन ने कीव के यूरोपीय सहयोगियों पर अमेरिकी प्रयासों में जानबूझकर बाधा डालने का गंभीर आरोप लगाया था।
 
पुतिन ने कहा, "उनके पास शांति का एजेंडा नहीं है, वे युद्ध के पक्ष में हैं।"
 
उन्होंने चेतावनी भी दी कि यदि यूरोप ने युद्ध शुरू किया, तो रूस "पूरी तरह तैयार" है।