ट्रंप ने ईरान पर और हमलों की चेतावनी दी, पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 01-08-2026
Trump warns of more attacks on Iran, raising tensions in West Asia
Trump warns of more attacks on Iran, raising tensions in West Asia

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर और अधिक सैन्य हमले करने की चेतावनी दी है,वहीं अमेरिका रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खुलवाने के लिए दबाव बना रहा है।

मैरीलैंड स्थित कैंप डेविड के राष्ट्रपति आवास पर शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, ‘‘हम सिर्फ जीतना चाहते हैं’’ और संकेत दिया कि अमेरिकी सैन्य कार्रवाई अभी कुछ समय तक जारी रह सकती है।
 
उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान पर ‘‘बहुत कड़ा प्रहार करेगा। एक समय ऐसा आएगा जब वे कहेंगे कि अब हम और नहीं झेल सकते।’’
 
इसके बाद दिन में व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने ईरान पर अमेरिका के साथ हुए युद्धविराम समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि तेहरान ने पिछले महीने अमेरिका के साथ युद्धविराम संबंधी एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे, लेकिन इसके तुरंत बाद उसने उसे तोड़ दिया, वाणिज्यिक जहाजों पर हमला किया और अमेरिकी सैनिकों की हत्या की।
 
लेविट ने शुक्रवार शाम एक बयान में कहा, ‘‘राष्ट्रपति ट्रंप इस तरह की आतंकवादी हरकत बर्दाश्त नहीं करेंगे। जब तक ईरान राष्ट्रपति ट्रंप के अनुसार सार्थक तरीके से बातचीत की मेज पर नहीं आता, तब तक उसे इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।’’
 
इस बीच कुवैत की सेना ने शनिवार को कहा कि उसके बल उन ड्रोन हमलों का जवाब दे रहे हैं, जो देश पर ईरान के हमलों का ही हिस्सा थे।