England and remain unbeaten and reach the second round.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
शानदार फॉर्म में चल रही भारतीय महिला हॉकी टीम एफआईएच विश्व कप में पहले दौर के अंतिम मैच में बृहस्पतिवार को इंग्लैंड के खिलाफ जीत दर्ज करके पूल डी की शीर्ष टीम के रूप में अपराजेय रहते हुए दूसरे दौर में प्रवेश करने के इरादे से उतरेगी ।
पहले ही मैच में ओलंपिक रजत पदक विजेता और दुनिया की चौथे नंबर की टीम चीन को 2 -2 से ड्रॉ पर रोकने के बाद भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 6-1 से रौंदकर अपना गोल ओसत सबसे बेहतर कर लिया है । भारत और चीन के पूल डी में एक जीत और एक ड्रॉ के बाद चार चार अंक हैं लेकिन भारत ने दो मैचों में आठ गोल किये और तीन ही गंवाये हैं जबकि चीन ने छह गोल किये और चार गंवाये हैं । बेहतर गोल औसत के आधार पर भारत शीर्ष पर है ।
चीन से 2 -4 से हारी इंग्लैंड टीम के तीन अंक हैं यानी उसे हर हालत में यह मैच जीतना होगा जबकि भारत ड्रॉ खेलने पर भी अगले दौर में पहुंच जायेगा । दक्षिण अफ्रीका दोनों मैच हारकर दौड़ से बाहर ही हो चुका है जिसे आखिरी मुकाबला चीन से खेलना है ।
कोच शोर्ड मारिन की भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अभी तक अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है । पहले मैच में चीन की कठिन चुनौती के बावजूद ड्रॉ कराने के बाद दक्षिण अफ्रीका को 6 -1 से हराया और अहम बात यह है कि छह गोल छह अलग अलग खिलाड़ियों ने किये । भारत की 11 खिलाड़ियों का यह पहला विश्व कप है लेकिन उन्होंने दबाव लिये बिना अपना स्वाभाविक खेल दिखाया है।
भारत का पेनल्टी कॉर्नर भी बेहतर हुआ है जिसमें स्टार ड्रैग फ्लिकर दीपिका के साथ शानदार फॉर्म में चल रही नवनीत कौर ने भी योगदान दिया है । दोनों खिलाड़ी अभी तक दो दो गोल कर चुकी हैं जबकि गोल के सामने बिछू देवी और 300 से अधिक मैच खेल चुकी अनुभवी सविता पूनिया ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया है । अब इंग्लैंड के सामने उनके लिये चुनौती कड़ी होगी चूंकि इस साल यह टीम हैदराबाद में विश्व कप क्वालीफायर में भारत को 2-0 से हरा चुकी है ।