बैंकॉक
थाईलैंड और कंबोडिया के बीच बढ़ते सीमा विवाद को शांत करने के प्रयास के तहत दोनों देशों के नेता सोमवार को मलेशिया में शांति वार्ता करेंगे। यह जानकारी थाईलैंड के प्रधानमंत्री कार्यालय ने रविवार को दी।
प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रवक्ता जिरायु हुआंगसाप ने बताया कि कार्यवाहक प्रधानमंत्री फुमथाम वेचायाचाई को मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने "क्षेत्र में शांति प्रयासों पर चर्चा" के लिए आमंत्रित किया है। यह बैठक सोमवार को मलेशिया में होगी।
जिरायु ने बताया कि कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन मानेट भी इस बैठक में शामिल होंगे, हालांकि कंबोडियाई अधिकारियों की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।
गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को थाईलैंड-कंबोडिया सीमा पर एक सुरंग में विस्फोट हुआ था, जिसमें थाईलैंड के पांच सैनिक घायल हो गए थे। इसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव और झड़पें शुरू हो गई थीं। वार्ता का उद्देश्य इस संघर्ष को कूटनीतिक मार्ग से सुलझाना है।