भारत-जापान रक्षा संबंधों और रणनीतिक सहयोग की समीक्षा करेंगे राजनाथ, जयशंकर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-11-2026
Rajnath, Jaishankar to review India-Japan defence ties and strategic cooperation
Rajnath, Jaishankar to review India-Japan defence ties and strategic cooperation

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 भारत और जापान अपने द्विपक्षीय रक्षा संबंधों तथा रणनीतिक सहयोग की समीक्षा करेंगे तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर बुधवार को ‘2+2’ मंत्रिस्तरीय वार्ता के चौथे संस्करण में हिस्सा लेने के लिए तोक्यो पहुंच चुके हैं।
 
विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सिंह और जयशंकर अपने जापानी समकक्ष रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी और विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी के साथ इस वार्ता की सह-अध्यक्षता करेंगे।
 
दो दिवसीय यह यात्रा फिलीपीन की राजधानी मनीला में क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन के एक दिन बाद हो रही है। भारत इस दौरान चारों सदस्य देशों के बीच संयुक्त मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास की भी मेजबानी कर रहा है।
 
क्वाड में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। यह समूह समुद्री सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, बुनियादी ढांचे और आपदा राहत के क्षेत्र में सहयोग के जरिये स्वतंत्र, खुले और नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र को बढ़ावा देने पर केंद्रित है।
 
भारत-जापान 2+2 वार्ता का पिछला दौर 20 अगस्त 2024 को नयी दिल्ली में आयोजित हुआ था।
 
विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों देश द्विपक्षीय रणनीतिक और रक्षा सहयोग के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे तथा स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराएंगे।
 
वार्ता में रक्षा उपकरणों और प्रौद्योगिकी, समुद्री सुरक्षा, तीनों सेनाओं के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास तथा रक्षा औद्योगिक साझेदारी पर चर्चा होने की उम्मीद है।