मलिक असगर हाशमी
इजरायल की राजनीति में अरब समुदाय की बढ़ती भागीदारी ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान खींचा है। हालिया चुनावी घटनाक्रम में अरब राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण भूमिका और डॉ. अहमद तिबी का इजरायली संसद के डिप्टी स्पीकर पद तक पहुंचना इसी बदलाव का संकेत माना जा रहा है। खास बात यह है कि जिस संसद में फिलिस्तीन के मुद्दे पर अक्सर तीखी बहस होती है, उसी संसद में एक ऐसा नेता उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहा है, जो खुद को फिलिस्तीनी पहचान वाला इजरायली नागरिक बताता है।
वह लंबे समय से फिलिस्तीनी अधिकारों, अरब नागरिकों के साथ समान व्यवहार और इजरायल की नीतियों के खिलाफ संसद के भीतर और बाहर आवाज उठाता रहा है। डॉ. अहमद तिबी का राजनीतिक सफर इसलिए भी दिलचस्प है कि उन्होंने चिकित्सा की पढ़ाई की, स्त्री रोग विशेषज्ञ बने, फिलिस्तीन के पूर्व राष्ट्रपति यासिर अराफात के राजनीतिक सलाहकार के रूप में काम किया और फिर इजरायल की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई।
डॉ. अहमद तिबी का जन्म 19 दिसंबर 1958 को इजरायल के तायबे शहर में हुआ था। उनका परिवार फिलिस्तीनी पृष्ठभूमि से जुड़ा है। उनके पिता कमाल तिबी का जन्म जाफा में हुआ था। वर्ष 1948 में फिलिस्तीनियों के बड़े पैमाने पर विस्थापन की घटना, जिसे नकबा कहा जाता है, उनके परिवार की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का भी हिस्सा रही है।
तिबी की पहचान और राजनीतिक सोच को समझने के लिए इस पारिवारिक इतिहास को जानना जरूरी है। वह अपनी राष्ट्रीय पहचान फिलिस्तीनी बताते हैं, जबकि नागरिकता इजरायली है। यही दोहरी पहचान उनके राजनीतिक जीवन का सबसे महत्वपूर्ण पहलू बन गई।
अहमद तिबी ने यरुशलम की प्रतिष्ठित हिब्रू यूनिवर्सिटी से चिकित्सा की पढ़ाई की। वर्ष 1983 में उन्होंने सम्मान के साथ अपनी मेडिकल डिग्री हासिल की। इसके बाद 1984 में हदासाह अस्पताल में स्त्री रोग विभाग में विशेषज्ञता का प्रशिक्षण शुरू किया।
सामान्य परिस्थितियों में उनका करियर एक डॉक्टर के रूप में आगे बढ़ सकता था, लेकिन फिलिस्तीन के राजनीतिक हालात और अपनी राष्ट्रीय पहचान से जुड़े सवालों ने उन्हें छात्र जीवन से ही राजनीति की ओर आकर्षित किया। अस्सी के दशक में उन्होंने फिलिस्तीनी राजनीतिक कार्यकर्ताओं से संपर्क बढ़ाया। इसी दौरान उनकी मुलाकात फिलिस्तीन मुक्ति संगठन यानी पीएलओ के तत्कालीन प्रमुख यासिर अराफात से हुई।
वर्ष 1984 में ट्यूनिस में अराफात से उनकी मुलाकात हुई। उस समय इजरायल में पीएलओ से संपर्क करना गंभीर राजनीतिक और कानूनी विवाद का विषय था। इस मुलाकात के बाद तिबी को इजरायली पुलिस की पूछताछ का सामना करना पड़ा। उन पर यात्रा संबंधी प्रतिबंध भी लगाए गए और एक बार उन्हें गिरफ्तार किया गया।

हालांकि, उन्होंने फिलिस्तीनी राजनीति से अपना संबंध खत्म नहीं किया। वर्ष 1993 से 1999 तक वह यासिर अराफात के राजनीतिक सलाहकार रहे। इस दौरान उन्होंने इजरायल और फिलिस्तीन के बीच बातचीत की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्ष 1998 में अमेरिका के मैरीलैंड में हुई वाई रिवर वार्ता में वह फिलिस्तीनी प्रतिनिधिमंडल के प्रवक्ता भी थे। इस बातचीत के परिणामस्वरूप वाई रिवर मेमोरेंडम सामने आया था, जिसका उद्देश्य इजरायल और फिलिस्तीन के बीच पहले से हुए समझौतों को आगे बढ़ाना था।
अराफात के साथ काम करने के बाद तिबी ने इजरायल की घरेलू राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने का फैसला किया। वर्ष 1996 में उन्होंने अरब शिक्षाविदों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के एक समूह के साथ ताअल यानी अरब मूवमेंट फॉर रिन्यूअल पार्टी की स्थापना की।
वर्ष 1999 में उन्होंने इजरायली संसद नेसेट का चुनाव लड़ा और पहली बार सांसद बने। शुरुआत में वह अज़मी बिशारा की बलद पार्टी के साथ चुनावी गठबंधन में शामिल हुए थे, लेकिन बाद में अलग होकर ताअल को स्वतंत्र राजनीतिक पहचान देने की दिशा में आगे बढ़े। इसके बाद उनका राजनीतिक सफर लगातार आगे बढ़ता गया।
अहमद तिबी की राजनीति का सबसे बड़ा आधार इजरायल में रहने वाले अरब और फिलिस्तीनी नागरिकों के अधिकार हैं। वह शिक्षा, रोजगार, सामाजिक समानता और राजनीतिक प्रतिनिधित्व जैसे मुद्दों को संसद में लगातार उठाते रहे हैं। उनका कहना है कि इजरायल में रहने वाले अरब नागरिकों को भी वही अधिकार मिलने चाहिए जो देश के दूसरे नागरिकों को हासिल हैं।
वह इजरायल को केवल यहूदी राष्ट्र के रूप में परिभाषित करने का विरोध करते हैं और इसे सभी नागरिकों का समान राज्य बनाने की वकालत करते हैं। साथ ही वह 1967 से पहले की सीमाओं के आधार पर इजरायल की वापसी और स्वतंत्र फिलिस्तीनी राज्य की स्थापना के समर्थक हैं। दो राष्ट्र समाधान के पक्ष में उनकी यह राजनीतिक स्थिति उन्हें इजरायल की मुख्यधारा की कई दक्षिणपंथी पार्टियों से अलग करती है।
उनकी राजनीतिक यात्रा हमेशा आसान नहीं रही। वर्ष 2003 के आम चुनाव से पहले कुछ दक्षिणपंथी नेताओं ने उन्हें चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित कराने की कोशिश की। इसके पीछे यासिर अराफात के साथ उनका पुराना संबंध और फिलिस्तीन के मुद्दे पर उनके विचार बताए गए। इजरायल की केंद्रीय चुनाव समिति ने एक वोट के अंतर से उनके खिलाफ फैसला दिया।
हालांकि, अहमद तिबी ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। अदालत ने सर्वसम्मति से चुनाव समिति के फैसले को पलट दिया और उन्हें चुनाव लड़ने की अनुमति मिल गई। यह घटना उनके राजनीतिक जीवन का महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुई। इसके बाद उन्होंने नेसेट में अपनी जगह बनाए रखी।
Ahmad Tibi, Arafat's former advisor, will be Deputy Speaker of the Knesset and run the debates? Watch and understand why we must not stay silent! Tomorrow! In front of the Knesset, 3:30 PM – saving the Jewish state! Share so all of Israel knows https://t.co/Xs7pFUVRGL
— Binyomin Freundlich (@BMFreundlich) November 16, 2026
वर्ष 2006 में तिबी डिप्टी स्पीकर चुने गए। इस पद पर रहते हुए उन्होंने संसदीय कार्यवाही और विभिन्न समितियों में अपनी भूमिका निभाई। वह 2009 और 2013 के चुनावों में भी अपनी सीट बचाने में सफल रहे। संसद में उनकी सक्रियता का एक उदाहरण अरब नागरिकों के सरकारी क्षेत्र में रोजगार से जुड़ा संसदीय जांच आयोग है।
वर्ष 2008 में उन्होंने इसके गठन की पहल की और 2012 तक इसके अध्यक्ष रहे। वर्ष 2012 में उन्होंने एक ऐसा विधेयक भी आगे बढ़ाया, जिसके तहत उड़ानों में देरी या रद्द होने पर यात्रियों को मुआवजा देने की व्यवस्था को कानूनी आधार मिला। इसे इजरायली संसद में उनके महत्वपूर्ण विधायी योगदानों में गिना जाता है।
तिबी अपने भाषणों के लिए भी विशेष रूप से चर्चित रहे हैं। वर्ष 2010 में होलोकॉस्ट स्मृति दिवस के अवसर पर उन्होंने नेसेट में हिब्रू भाषा में भाषण दिया था। यह भाषण काफी भावुक और प्रभावशाली माना गया। तत्कालीन राष्ट्रपति रुवेन रिवलिन ने भी इसकी प्रशंसा की थी।

इजरायली मीडिया में इसे संसद के सबसे उल्लेखनीय भाषणों में से एक बताया गया। यह प्रसंग इसलिए भी महत्वपूर्ण था कि फिलिस्तीनी अधिकारों की मुखर वकालत करने वाले एक अरब सांसद ने यहूदी समुदाय के इतिहास की सबसे दर्दनाक त्रासदियों में से एक पर संवेदनशीलता के साथ अपनी बात रखी थी।
हालांकि, तिबी के राजनीतिक जीवन में विवाद भी कम नहीं रहे। वर्ष 2012 में फिलिस्तीनी शहीदों से जुड़े एक कार्यक्रम में दिए गए उनके बयान को लेकर इजरायल में तीखी आलोचना हुई। उनके शब्दों को कुछ लोगों ने हिंसा के समर्थन के रूप में देखा।
तिबी ने सफाई दी कि उनकी टिप्पणी उन लोगों के संदर्भ में थी जो कब्जे और राष्ट्रीय संघर्ष के दौरान मारे गए। नेसेट की आचार समिति ने उनके बयान पर कड़ी नाराजगी जताई। वर्ष 2016 में भी वह चर्चा में आए, जब उन्होंने यरुशलम और कब्जे वाले फिलिस्तीनी क्षेत्रों में लाउडस्पीकर से अजान पर प्रतिबंध लगाने के प्रस्तावित कानून के विरोध में संसद के भीतर अजान दी।
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ उनका राजनीतिक टकराव भी कई बार सुर्खियों में रहा है। वर्ष 2019 के चुनाव में नेतन्याहू ने बिबी या तिबी का नारा दिया था। इसे अरब सांसदों की राजनीतिक भागीदारी के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश के रूप में देखा गया। दक्षिणपंथी नेताओं और खासकर इतामार बेन ग्विर के साथ भी तिबी के संबंध तनावपूर्ण रहे हैं। इसके बावजूद वह संसद में अपनी भूमिका बनाए रखने में सफल रहे।
हालिया चुनावी घटनाक्रम में अरब दलों की बढ़ती राजनीतिक ताकत और अहमद तिबी का डिप्टी स्पीकर चुना जाना उनके लंबे संघर्ष की एक नई उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। संयुक्त अरब सूची और अन्य अरब राजनीतिक समूहों के प्रदर्शन ने सरकार गठन और संसदीय समीकरणों में उनकी अहमियत बढ़ाई है।
तिबी ने अपने चुनाव को अरब राजनीतिक प्रतिनिधित्व की जीत बताया और आरोप लगाया कि नेतन्याहू की लिकुड पार्टी तथा बेन ग्विर के समर्थकों ने उनकी नियुक्ति रोकने की कोशिश की थी। उनके अनुसार, इन प्रयासों के बावजूद अरब प्रतिनिधियों की आवाज को संसद में जगह मिली।

डॉ. अहमद तिबी की कहानी केवल एक डॉक्टर के राजनेता बनने की कहानी नहीं है। यह उस राजनीतिक पहचान का सफर है, जिसमें नागरिकता, राष्ट्रीयता, लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व और फिलिस्तीनी अधिकारों के सवाल एक साथ जुड़े हुए हैं। उनके समर्थक उन्हें फिलिस्तीनी नागरिकों की प्रभावशाली आवाज और इजरायली संसद के कुशल वक्ताओं में गिनते हैं।
आलोचक उनकी राजनीतिक विचारधारा और फिलिस्तीनी संगठनों के साथ पुराने संबंधों पर सवाल उठाते हैं। लेकिन एक बात स्पष्ट है कि करीब तीन दशक से इजरायली संसद में उनकी मौजूदगी ने उन्हें देश की राजनीति का एक महत्वपूर्ण चेहरा बना दिया है। जिस संसद में फिलिस्तीन का सवाल अक्सर टकराव का कारण बनता है, वहां अहमद तिबी का डिप्टी स्पीकर बनना इजरायल के भीतर अरब राजनीतिक प्रतिनिधित्व की बदलती तस्वीर को भी सामने लाता है।