मलिक असगर हाशमी/नई दिल्ली
मशहूर गीतकार, शायर और लेखक जावेद अख्तर ने भगवान राम को लेकर ऐसी बात कही है, जिसने एक बार फिर भारत की साझा संस्कृति, गंगा-जमुनी तहजीब और हिंदू-मुस्लिम साहित्यिक परंपरा की याद ताजा कर दी है। खुद को नास्तिक बताने वाले जावेद अख्तर ने भगवान राम के व्यक्तित्व और उनके आदर्शों की खुलकर प्रशंसा की है। उनका कहना है,”भारत में रहने वाला व्यक्ति चाहे किसी भी धर्म को मानता हो, उसके खून में भगवान राम मौजूद हैं।“राम केवल किसी एक धर्म या समुदाय की आस्था का विषय नहीं, बल्कि वे एक विचार, नैतिकता और जीवन जीने का आदर्श हैं। उनके चरित्र से हर इंसान बहुत कुछ सीख सकता है।
जावेद अख्तर की यह टिप्पणी इसलिए भी महत्वपूर्ण है,क्योंकि भारत में भगवान राम को लेकर मुस्लिम शायरों, लेखकों और साहित्यकारों की एक लंबी परंपरा रही है। उर्दू साहित्य में राम को लेकर ऐसी अनेक नज्में, मसनवियां और कविताएं लिखी गई हैं, जिनमें उन्हें मर्यादा, त्याग, प्रेम, न्याय और इंसानियत का प्रतीक बताया गया है। रहीम से लेकर अल्लामा इकबाल तक और पंडित बृज नारायण चकबस्त से लेकर अनेक दूसरे शायरों ने अपनी रचनाओं में राम के व्यक्तित्व को सम्मान दिया है।
दरअसल, जावेद अख्तर हाल ही में चर्चा में आई फिल्म 'रामायण' को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे। इसी दौरान मीडिया ने उनसे भगवान राम के बारे में सवाल किया। जावेद अख्तर ने अपनी नास्तिक विचारधारा का जिक्र करते हुए भी राम के महत्व को जिस अंदाज में समझाया, वह अपने आप में खास था।
उन्होंने कहा,”राम केवल एक व्यक्ति का नाम नहीं है। राम एक विचार हैं। राम नैतिकता हैं। राम जीवन जीने का एक तरीका हैं। उनमें एक खास तरह का सौंदर्यबोध और नैतिक मूल्य मौजूद हैं। जब कोई व्यक्ति इस पैमाने पर राम को समझता और उनके आदर्शों की सराहना करता है, तो उनका व्यक्तित्व उसके दिल को छुए बिना नहीं रह सकता।“
जावेद अख्तर ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि हिंदुस्तान के हर व्यक्ति के खून में राम मौजूद हैं। उसका धर्म कोई भी हो, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उनकी इस टिप्पणी ने एक बार फिर उस सांस्कृतिक परंपरा को चर्चा में ला दिया है, जिसमें राम को केवल धार्मिक पहचान तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि उन्हें भारतीय समाज के नैतिक और सांस्कृतिक आदर्श के रूप में देखा गया।

उर्दू शायरी में राम का सम्मान कोई नई बात नहीं
यह बात नई नहीं है कि मुस्लिम शायरों ने भगवान राम के व्यक्तित्व को अपनी कविता और शायरी का विषय बनाया है। उर्दू साहित्य का इतिहास ऐसी रचनाओं से भरा पड़ा है, जिनमें राम के जीवन, उनके संघर्ष, वनवास, सीता के प्रति प्रेम और अयोध्या वापसी का बेहद भावपूर्ण चित्रण मिलता है। खास बात यह है कि उर्दू शायरों ने रामायण की घटनाओं को केवल धार्मिक कथा के रूप में नहीं देखा, बल्कि उनमें मानवीय संवेदनाओं और जीवन के गहरे संदेशों को भी तलाशा।
दिल्ली की प्रसिद्ध साहित्यिक इतिहासकार रक्षंदा जलील ने उर्दू में लिखी गई रामायणों पर शोध करते हुए ऐसी 300 से अधिक रचनाओं का उल्लेख किया है। इनमें पद्य और गद्य दोनों रूपों में लिखी गई रामायण शामिल हैं। उर्दू में पद्यबद्ध रामायण को 'मंजूम रामायण' कहा जाता है। इन रचनाओं में राम के वनवास से लेकर सीता हरण, लक्ष्मण के घायल होने और राम के अयोध्या लौटने तक की घटनाओं को शायरों ने अपनी कल्पनाशीलता और संवेदनशील भाषा में प्रस्तुत किया है।
इस परंपरा की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी मुगल बादशाह अकबर के नवरत्नों में शामिल अब्दुर्रहीम खानखाना हैं। उन्हें रहीमदास के नाम से भी जाना जाता है। रहीम केवल कृष्ण और राम के प्रति सम्मान रखने वाले कवि नहीं थे, बल्कि भारतीय साहित्य और संस्कृति की साझा विरासत के प्रतिनिधि भी थे। उनका संत तुलसीदास से गहरा परिचय और आत्मीय संबंध था।
कहा जाता है कि जब तुलसीदास ने संस्कृत के बजाय आम लोगों की भाषा में रामकथा लिखी तो कुछ रूढ़िवादी पंडितों ने उनका विरोध किया। ऐसे कठिन समय में रहीम ने तुलसीदास को मस्जिद में शरण दी थी। तुलसीदास ने भी अपनी रचना में इस प्रसंग का उल्लेख किया है। उनकी पंक्तियां हैं:
'तुलसी सरनाम गुलाम है राम को, जाको रुचै सो कहै कुछ अउऊ।
मांगि के खैबो, मसीत को सोइबो, लैबो को एकु न दैबो को दैऊ।'
इन पंक्तियों में तुलसीदास कहते हैं कि वे राम के सेवक हैं। कोई उनके बारे में कुछ भी कहे, उन्हें इसकी परवाह नहीं। वे मांगकर खा सकते हैं और मस्जिद में सो सकते हैं। उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण राम के प्रति समर्पण है।
रहीम के दोहों में भी रामायण के पात्रों और प्रसंगों का उल्लेख मिलता है। हनुमान के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्होंने लिखा:
'ऊंचे काम बड़े करें, तौ न बड़ाई होय।
ज्यों रहीम हनुमंत को, गिरिधर कहै न कोय।'
इस दोहे में रहीम समझाते हैं कि किसी बड़े व्यक्ति का छोटा काम कर लेने से उसका सम्मान कम नहीं होता। हनुमान ने संजीवनी बूटी के लिए पूरा पर्वत उठा लिया, लेकिन इससे उनका महत्व कम नहीं हुआ। यह दोहा विनम्रता, सेवा और समर्पण का संदेश देता है।
अल्लामा इकबाल ने राम को बताया था इमाम-ए-हिंद
भगवान राम के प्रति सम्मान व्यक्त करने वाले मुस्लिम शायरों में अल्लामा मोहम्मद इकबाल का नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय है। इकबाल को अक्सर उनकी राजनीतिक और वैचारिक पहचान के संदर्भ में याद किया जाता है, लेकिन उनकी कविता 'राम' भारतीय साहित्य की साझा सांस्कृतिक विरासत का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।
इकबाल ने भगवान राम को 'इमाम-ए-हिंद' यानी भारत का मार्गदर्शक कहा था। उनकी मशहूर पंक्तियां हैं:
'लबरेज़ है शराब-ए-हकीकत से जाम-ए-हिंद।
सब फलसफी हैं खित्ता-ए-मग़रिब के राम-ए-हिंद।'
इन पंक्तियों में इकबाल भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समृद्धि का उल्लेख करते हुए राम के व्यक्तित्व को पश्चिम के दार्शनिक विचारों से भी ऊंचा स्थान देते दिखाई देते हैं। वे आगे लिखते हैं:
'है राम के वजूद पे हिंदोस्तां को नाज़।
अहले नजर समझते हैं उसको इमाम-ए-हिंद।'
अर्थात भारत को राम के अस्तित्व और उनके आदर्शों पर गर्व है। समझदार और दूरदर्शी लोग उन्हें भारत का मार्गदर्शक मानते हैं। इकबाल की यह कविता आज भी इस बात का उदाहरण है कि राम का व्यक्तित्व धार्मिक सीमाओं से आगे बढ़कर साहित्य और दर्शन का विषय रहा है।
#WATCH | Mumbai, Maharashtra: "...Ram is not just about a person; Ram is a morality. Ram is a way of living. Ram is certain aesthetics, certain morality...Ram is in the blood of every Indian, whatever religion they follow. He is a way of life...," says lyricist Javed Akhtar while speaking on the lines 'Mann se Ravan jo nikale, Ram uske Mann main hai' from 'Pal Pal Hai Bhaari' from Swades, a song penned by him.
— ANI (@ANI) November 17, 2026
चकबस्त की कविता में मां कौशल्या का दर्द
कश्मीरी ब्राह्मण परिवार में जन्मे प्रसिद्ध उर्दू शायर पंडित बृज नारायण चकबस्त ने भी रामायण के एक अत्यंत भावुक प्रसंग को अपनी कविता का विषय बनाया था। उनकी प्रसिद्ध रचना 'रामायण का एक सीन' में उस समय का चित्रण है, जब भगवान राम 14 वर्ष के वनवास के लिए अयोध्या छोड़ने की तैयारी करते हैं।
इस कविता में मां कौशल्या और राम के बीच के भावनात्मक संबंध को बेहद खूबसूरती से व्यक्त किया गया है। राम के वनवास की पीड़ा केवल एक धार्मिक प्रसंग नहीं रह जाती, बल्कि मां और बेटे के बिछड़ने की सार्वभौमिक मानवीय संवेदना बन जाती है।
चकबस्त की पंक्तियां हैं:
'उसका करम शरीक है तो गम नहीं,
दामन-ए-दश्त दामन-ए-मादर से कम नहीं।'
इन पंक्तियों में वनवास की कठिनाइयों के बीच ईश्वर की कृपा और मां के स्नेह की महत्ता को व्यक्त किया गया है। उर्दू शायरी में 'बनवास' शब्द भी इसी तरह गहरी जुदाई और अपनों से बिछड़ने का प्रतीक बन गया।
सीता हरण और श्रवण कुमार पर भी लिखीं गईं नज्में
उर्दू के शायरों ने रामायण के दूसरे प्रसंगों को भी अपनी रचनाओं में जगह दी। मुंशी बनवारी लाल शोला ने सीता हरण पर एक महत्वपूर्ण कविता लिखी। वे मिर्जा हरगोपाल तफ्ता के शिष्य थे, जो महान शायर मिर्जा गालिब के शागिर्द रहे थे।
उनकी कविता में सीता के सरल और संवेदनशील व्यक्तित्व का चित्रण मिलता है। लक्ष्मण रेखा पार करने और रावण के छल में फंसने की घटना को उन्होंने मानवीय करुणा के साथ प्रस्तुत किया। बेताल बरेलवी ने भी रामायण पर मसनवी लिखी।
उनकी रचनाओं में हिंदी और उर्दू के शब्द इस तरह घुलमिल जाते हैं कि दोनों भाषाओं के बीच कोई दीवार महसूस नहीं होती। उनकी कविता में श्रवण कुमार और राजा दशरथ का प्रसंग विशेष रूप से उल्लेखनीय है। इसमें घायल श्रवण कुमार अपने अंधे माता-पिता के लिए पानी पहुंचाने की चिंता करता है। मृत्यु के करीब पहुंचने के बावजूद उसकी पहली चिंता अपने माता-पिता की प्यास है। यह प्रसंग सेवा, त्याग और माता-पिता के प्रति प्रेम का संदेश देता है।

राम और रावण के माध्यम से अच्छाई और बुराई का संदेश
उर्दू साहित्य में राम को लेकर लिखी गई हर रचना केवल प्रशंसा तक सीमित नहीं है। कुछ शायरों ने रामायण के प्रसंगों के माध्यम से समाज को अच्छाई और बुराई के बीच अंतर समझाने की कोशिश भी की है।रहबर जौनपुरी की कविता 'जस्ट राम' इसी परंपरा का उदाहरण है। इसमें राम को शांति, सद्भाव, सच्चाई और त्याग का प्रतीक बतायागया है। इसके साथ ही रावण को बुराई और नकारात्मक प्रवृत्तियों का प्रतीक माना गया है। उनकी पंक्तियां हैं:
'रस्म-ओ-रिवाज-ए-राम से आरी हैं शरपसंद।
रावण की नीतियों के पुजारी हैं शरपसंद।'
इन पंक्तियों का भाव यह है कि बुराई फैलाने वाले लोग राम की परंपराओं से दूर हैं और रावण की नीतियों के अनुयायी हैं। दरअसल, भगवान राम का चरित्र भारतीय साहित्य में सदियों से मर्यादा, त्याग, कर्तव्य, प्रेम और न्याय का प्रतीक रहा है। यही वजह है कि अलग-अलग धर्मों और भाषाओं के साहित्यकारों ने उन्हें अपनी रचनाओं में जगह दी है।
जावेद अख्तर की हालिया टिप्पणी इसी पुरानी साहित्यिक और सांस्कृतिक परंपरा की याद दिलाती है। उनका यह कहना कि हर भारतीय के खून में राम मौजूद हैं, एक सांस्कृतिक रूपक के तौर पर देखा जाना चाहिए। इसका आशय यह है कि राम के आदर्श भारतीय समाज की सामूहिक स्मृति और सांस्कृतिक चेतना का हिस्सा हैं।
आज जब धार्मिक पहचान के आधार पर समाज में दूरियां बढ़ाने की कोशिशें दिखाई देती हैं, तब रहीम, इकबाल, चकबस्त और दूसरे उर्दू शायरों की रचनाएं एक अलग तस्वीर पेश करती हैं। वे बताती हैं कि साहित्य की दुनिया में राम किसी एक समुदाय की सीमाओं में कैद नहीं रहे। उनके आदर्शों को अलग-अलग आस्थाओं के लोगों ने सम्मान दिया है। शायद यही भारत की असली खूबसूरती है, जहां भाषा, धर्म और आस्था अलग हो सकती हैं, लेकिन प्रेम, इंसानियत और नैतिकता के मूल्य सबको जोड़ सकते हैं।