आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिका में हाल के दिनों में संघीय विमानन प्रशासन, यूनाइटेड एयरलाइंस और माइक्रोसॉफ्ट समेत कई प्रमुख संस्थानों और कंपनियों की तकनीकी सेवाएं बाधित होने के बाद अब एप्पल की सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं जिससे आधुनिक प्रौद्योगिकी मंचों के व्यापक स्तर पर इस्तेमाल से जुड़े जोखिम उजागर हुए हैं।
एप्पल ने अपनी वेबसाइट पर सेवाओं की स्थिति की जानकारी देने वाले पेज पर स्वीकार किया कि उसकी ‘एप्पल म्यूजिक’, ‘ऐप स्टोर’ और ‘एप्पलकेयर’ सेवाएं पूरी तरह ठप पड़ गईं। इसके अलावा ‘आईक्लाउड’ में लॉगइन करने में भी दिक्कतें आईं।
प्रौद्योगिकी सेवाओं की निगरानी करने वाली वेबसाइट ‘डाउनडिटेक्टर डॉट को’ के अनुसार, ‘एप्पल पे’ के संबंध में भी उपयोगकर्ताओं की शिकायतों में अचानक वृद्धि हुई।
कंपनी ने ईमेल के जरिए जारी एक बयान में कहा, ‘‘आज सुबह एक आंतरिक अपडेट के कारण हमारी कुछ सेवाएं बाधित हो गई थीं। इनमें से कई सेवाएं अब फिर से शुरू हो गई हैं। हम बाकी सेवाओं को भी जल्द से जल्द बहाल करने के लिए काम कर रहे हैं।’’
अमेरिका की सबसे बड़ी होटल संचालक कंपनी ‘मैरियट इंटरनेशनल’ को भी तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया मंच ‘रेडिट’ पर उपयोगकर्ताओं ने बताया कि इन समस्याओं के कारण होटल में कमरों की बुकिंग और मेहमानों के ‘चेक-इन’ समेत कई सेवाएं प्रभावित हुईं।