इजराइल और हमास के बीच युद्ध में 66,000 से अधिक फलस्तीनी मारे गए

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 29-09-2025
More than 66,000 Palestinians have been killed in the war between Israel and Hamas.
More than 66,000 Palestinians have been killed in the war between Israel and Hamas.

 

काहिरा

इजराइल और हमास के बीच लगभग तीन साल से जारी युद्ध में अब तक 66,000 से अधिक फलस्तीनी मौत के घाट उतर चुके हैं। यह जानकारी गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को दी।

गाजा पट्टी में इजराइली सेना का आक्रमण जारी है, वहीं इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू वाशिंगटन में हैं और सोमवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने की योजना बना रहे हैं। नेतन्याहू पर युद्ध समाप्ति के लिए अंतरराष्ट्रीय दबाव बढ़ता जा रहा है।

इजराइली आपत्तियों के बावजूद कई प्रमुख पश्चिमी देश फलस्तीनी राष्ट्र को मान्यता देने वालों की सूची में शामिल हो रहे हैं। यूरोपीय संघ इजराइल के खिलाफ प्रतिबंधों पर विचार कर रहा है और खेल एवं सांस्कृतिक बहिष्कार के प्रयास भी तेज हो रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार, सात अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा इजराइल पर हमला करने के बाद से अब तक 66,005 फलस्तीनी मारे जा चुके हैं। साथ ही, 1,68,162 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में पिछले 24 घंटों में अस्पताल में भर्ती हुए 79 फलस्तीनी भी शामिल हैं।

गाजा में अभी भी 48 लोग बंधक हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध विराम के लिए 21 बिंदुओं वाला प्रस्ताव पेश किया है, जिसमें 48 घंटे के भीतर सभी बंधकों की रिहाई और फलस्तीनी क्षेत्र से इजराइली सेना की क्रमिक वापसी शामिल है।

अधिकारियों के मुताबिक, यह प्रस्ताव अंतिम नहीं है और इसमें बदलाव की संभावना बनी हुई है। ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान न्यूयॉर्क में अरब नेताओं के साथ इस प्रस्ताव पर चर्चा की।

हमास के एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें इस योजना की जानकारी दे दी गई है, लेकिन मिस्र और कतर के मध्यस्थों से अभी तक कोई आधिकारिक प्रस्ताव नहीं मिला है। हमास ने कहा है कि वह किसी भी प्रस्ताव का सकारात्मक और जिम्मेदारी से अध्ययन करने को तैयार है।