आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जमकर प्रशंसा करते हुए उन्हें ‘‘महान नेता’’ और ‘‘बेहद सख्त व्यक्ति’’ बताया तथा कहा कि वह 12 साल से अधिक समय से सत्ता में हैं।
ट्रंप ने समाचार वेबसाइट ‘एक्सियोस’ के साथ एक साक्षात्कार में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और मोदी को प्रभाव, ताकत तथा नतीजे देने की क्षमता के लिहाज से अपने दो सबसे पसंदीदा महान नेता बताया।
ट्रंप से पूछा गया कि ताकत, प्रभाव और नतीजे देने की क्षमता के आधार पर उनके दो सबसे पसंदीदा नेता कौन हैं, तो उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि मोदी बहुत अच्छे हैं। भारत के कुछ बहुत अच्छे आंकड़े सामने आए हैं। वह युद्ध से दूर रहते हैं, जो समझदारी भरा कदम है। वह 1.5 अरब लोगों का नेतृत्व करते हैं। भारत वास्तव में सबसे बड़ा देश है और मोदी एक महान नेता हैं।’’
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका भारत के साथ बड़े पैमाने पर व्यापार करता है लेकिन पहले भारत ‘‘हमसे अनुचित लाभ उठाता था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम उनके साथ बहुत व्यापार करते हैं लेकिन अब व्यापार निष्पक्ष तरीके से होता है। पहले वे वास्तव में हमसे बहुत अधिक लाभ उठाते थे। मैं इसके लिए उन्हें दोष नहीं देता। हमारे यहां ऐसे नासमझ नेता थे, जिन्होंने ऐसा होने दिया लेकिन हम अब भी काफी व्यापार करते हैं।’’
ट्रंप ने कहा, ‘‘वे इससे बहुत खुश नहीं हैं क्योंकि पहले उन्हें कहीं अधिक फायदा होता था।’’
अमेरिका के राष्ट्रपति ने शी को भी ऊंचे कद और आत्मविश्वास वाला नेता बताया।