आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
संजय मेहरोत्रा के नेतृत्व वाली माइक्रोन टेक्नोलॉजीज ने बच्चों के लिए दीर्घकालिक बचत योजना ‘ट्रंप अकाउंट्स’ कार्यक्रम में 25 करोड़ अमेरिकी डॉलर के निवेश की घोषणा की। इस कदम का अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्वागत किया।
माइक्रोन के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मेहरोत्रा ने कहा कि इस पहल के तहत कंपनी 18 वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे के लिए अधिकतम 1,000 अमेरिकी डॉलर तक के योगदान पर कर्मचारियों को मिलान लाभ देगी।
कर्मचारी मिलान (एंप्लॉई मैचिंग) लाभ में आमतौर पर कर्मचारी द्वारा जमा की गई राशि के बराबर अंशदान सरकार देती है।
इसके अलावा, माइक्रोन इडाहो, न्यूयॉर्क, वर्जीनिया, कैलिफोर्निया, कोलोराडो, मिनेसोटा और टेक्सास में (जहां कंपनी का परिचालन है) ‘ट्रंप अकाउंट्स’ वाले बच्चों के लिए एकमुश्त 25 करोड़ अमेरिकी डॉलर की शुरुआती राशि भी उपलब्ध कराएगी।
ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर बुधवार को लिखा, ‘‘माइक्रोन के सीईओ संजय मेहरोत्रा का यह अद्भुत कदम निकट भविष्य में कई बच्चों के लिए बड़ी खुशी लेकर आएगा।’’
उन्होंने इसे ‘‘ इस तरह का अब तक का सबसे बड़ा कॉर्पोरेट निवेश’’ करार दिया।
‘सोशल सिक्योरिटी’ नंबर रखने वाला 18 वर्ष से कम आयु का कोई भी अमेरिकी बच्चा ट्रंप अकाउंट खोल सकता है। इन खातों में व्यक्ति, नियोक्ता और अन्य लोग धन जमा कर सकते हैं। ये खाते व्यक्तिगत सेवानिवृत्ति खातों (आईआरए) की तरह कर-मुक्त आधार पर बढ़ेंगे। ये खाते चार जुलाई से उपलब्ध होंगे।
माइक्रोन ने कहा कि उसे उम्मीद है कि उसके इस निवेश से 10 लाख तक बच्चों को लाभ मिलेगा।
मेहरोत्रा ने कहा, ‘‘ माइक्रोन में हमारा मानना है कि लोगों में निवेश करना, प्रौद्योगिकी में निवेश करने जितना ही महत्वपूर्ण है।’’