इंग्लैंड का कोच बने रहने का फैसला करना मेरे हाथ में नहीं है: मैकुलम

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-12-2025
It's not up to me to decide whether I'll continue as England coach: McCullum
It's not up to me to decide whether I'll continue as England coach: McCullum

 

आवाज द वॉयस/ नई दिल्ली

 
 इंग्लैंड के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम ऑस्ट्रेलिया के हाथों एशेज श्रृंखला में हार के बावजूद अपने पद पर बने रहना चाहते हैं लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि इस निराशाजनक प्रदर्शन के बाद कोच के रूप में उनका भविष्य अब उनके नियंत्रण में नहीं है।
 
इंग्लैंड ने पहले तीन टेस्ट मैचों के अंदर ही एशेज को 3-0 से गंवा दिया जिसके बाद मैकुलम की भूमिका पर सवाल उठने लग गए हैं। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान का इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के साथ अनुबंध 2027 वनडे विश्व कप तक है।
 
मैकुलम ने इंग्लैंड के कोच के रूप में अपने भविष्य के बारे में पूछे जाने पर पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे नहीं पता। यह वास्तव में मेरे हाथ में नहीं है। मैं बस अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाने की कोशिश करता रहूंगा। यह सवाल किसी और के लिए है, मेरे लिए नहीं।’’
 
इस भूमिका को ‘‘काफी अच्छा काम’’ बताते हुए मैकुलम ने कहा कि कड़ी आलोचना के बावजूद वह अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाने के लिए उत्साहित हैं।
 
उन्होंने कहा, ‘‘यह काफी अच्छा काम है। मुझे इसमें बहुत मज़ा आता है। आप अपने साथियों के साथ दुनिया भर में घूमते हैं, रोमांच से भरा क्रिकेट खेलने की कोशिश करते हैं और कुछ उपलब्धियां हासिल करने का प्रयास करते हैं। मेरे लिए यह खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाने और उनके साथ मिलकर जितना हो सके उतना हासिल करने से जुड़ा है।’’
 
इंग्लैंड के मीडिया के अनुसार मैकुलम ने कहा, ‘‘मेरे कोच पद पर बने रहने का फैसला अन्य लोगों को करना है। मुझे लगता है कि जब मैंने पदभार संभाला था तब से लेकर अब तक हमने कुछ प्रगति की है।’’