आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिका ने कहा है कि उसने बारूदी सुरंग बिछाने वाले ईरान के 16 जहाज नष्ट किए हैं वहीं ईरान ने क्षेत्र के तेल निर्यात को रोकने का प्रण करते हुए कहा कि वह अपने दुश्मनों को ‘‘एक लीटर’’ भी तेल भेजने की अनुमति नहीं देगा।
युद्ध का होर्मुज जलडमरूमध्य पर पड़ने वाले असर को लेकर बढ़ती चिंता के बीच अमेरिकी सेना ने बारूदी सुरंग बिछाने वाले 16 ईरानी जहाजों को नष्ट करने का दावा करते हुए कुछ वीडियो भी जारी किए।
हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान द्वारा विस्फोटक लगाए जाने की कोई सूचना नहीं है। इसी जलमार्ग के जरिए दुनिया के करीब 20 प्रतिशत तेल की ढुलाई होती है।
वहीं ईरान के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड ने कहा कि वह "अगले आदेश तक इस क्षेत्र से शत्रु पक्ष और उसके सहयोगियों को एक लीटर तेल का निर्यात भी नहीं होने देगा"।
संघर्ष के 11वें दिन में प्रवेश करने के साथ ही दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी तेज कर दी है। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी अब तक के सबसे भीषण हमलों का संकल्प दोहराया है।
इस संघर्ष का असर पश्चिम एशिया और उससे बाहर के क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। ईरान के नेताओं ने बातचीत की संभावनाओं से इनकार कर दिया और ट्रंप को चेतावनी देते हुए इजराइल तथा खाड़ी के अरब देशों पर नए हमले शुरू कर दिए।
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि ‘प्रिंस सुल्तान एयर बेस’ समेत उसके कई ठिकानों की ओर दागी गई मिसाइलों को बीच रास्ते में ही रोक दिया गया।