आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ओमान में भारत के राजदूत प्रशांत पीसे ने पिछले महीने भारतीय जहाज एमएसवी कुबा पर हुए हमले में घायल नाविक से बृहस्पतिवार को सोहार के अस्पताल में मुलाकात की।
मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि राजदूत ने नाविक का हालचाल जाना, उसके उपचार और स्वास्थ्य में सुधार के बारे में चिकित्सकों से बातचीत की तथा उसके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
दूतावास ने कहा, ''दूतावास इस मुश्किल समय में प्रभावित नाविकों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है और उन्हें हरसंभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।''
एमएसवी कुबा जहाज 29 अक्टूबर को संयुक्त अरब अमीरात से सोमालिया जाते समय ओमान के तट के पास एक अज्ञात हवाई वस्तु के हमले की चपेट में आ गया था। जहाज पर सवार भारतीय चालक दल के सभी 13 सदस्यों को बचा लिया गया था, हालांकि कुछ लोग घायल हो गए थे।
भारत ने मंगलवार को एक बार फिर होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की निर्बाध और सुरक्षित आवाजाही की मांग की थी। भारत ने कहा था कि वह भारतीय ध्वज वाले जहाजों सहित वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर हमले रोकने के लिए सभी संबंधित पक्षों के संपर्क में है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हाल में हुए हमलों के बीच यह बात कही थी।
ओमान के लीमा के पास दो नवंबर को एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई थी। भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा की थी।