हेगसेथ को फटकार लगाने वाले सैनिक को मिला शीर्ष सैन्य सम्मान

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-11-2026
Soldier who reprimanded Hegseth receives top military honor
Soldier who reprimanded Hegseth receives top military honor

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने वेटरन्स डे समारोह के बाद अर्लिंगटन राष्ट्रीय कब्रिस्तान स्थित 'अज्ञात सैनिक की कब्र’ (टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर) में उन्हें और उनके कर्मचारियों को फटकार लगाने वाले सैनिक को शीर्ष सैन्य सम्मान से सम्मानित किया है।
 
हेगसेथ ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह एक सैनिक को पदक पहनाते और उससे हाथ मिलाते नजर आ रहे हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ''हम सैनिकों से प्यार करते हैं। हम अनुशासन के मानकों का सम्मान करते हैं। बहुत अच्छा किया, स्पेशलिस्ट।''
 
पेंटागन के अनुसार, हेगसेथ ने उस सैन्य इकाई को पेंटागन आमंत्रित किया जो अज्ञात सैनिक के स्मारक की सुरक्षा करती है। उन्होंने सैनिक थॉमस इग्लेसियस को 11 नवंबर 2026 को स्मारक स्थल पर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए 'ज्वाइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल' प्रदान किया।
 
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की मौजूदगी वाले समारोह के बाद जब हेगसेथ और उनके कर्मचारियों ने वहां तस्वीरें खिंचवाईं, तो जोर से हंसने की आवाज सुनाई देने पर इग्लेसियस ने उन्हें फटकार लगाई थी।
 
वीडियो में बुधवार को हेगसेथ अपनी पत्नी जेनिफर, चीफ ऑफ स्टाफ रिकी बुरिया, डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ पैट्रिक वीवर और वरिष्ठ सलाहकार टैमी राडाबॉघ के साथ स्मारक के सामने खाली सीढ़ियों पर तस्वीरें खिंचवाते दिखाई दिए।