Sunita served as the Grand Marshal of the 107th Veterans Day Parade in New York City.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन) की भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता ‘सुनी’ विलियम्स ने न्यूयॉर्क सिटी में 107वें पूर्व सैनिक दिवस की परेड में ‘ग्रैंड मार्शल’ की भूमिका निभाई।
अमेरिकी नौसेना की पूर्व सैनिक (वेटरन) विलियम्स के साथ इस वार्षिक परेड में हजारों अमेरिकी पूर्व सैनिक, वर्तमान सैन्य कर्मी, मार्चिंग बैंड, देशभक्त संगठन, सैन्य वाहन और अन्य प्रतिभागी शामिल हुए। यह परेड उन लोगों के सम्मान में आयोजित की जाती है, जिन्होंने वर्षों तक देश की सेवा की है।
इस अवसर पर उपस्थित न्यूयॉर्क के भारतीय मूल के मेयर जोहरान ममदानी सहित अन्य लोगों को संबोधित करते हुए विलियम्स ने कहा कि 107वें पूर्व सैनिक दिवस की परेड में शामिल होना उनके लिए ‘‘बेहद सम्मान की बात’’ है।
उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं सेना में शामिल हुई थी तो मैंने एक पल के लिए भी नहीं सोचा था कि मैं कभी पूर्व सैनिक बनूंगी... उस समय आप युवा होते हैं और सोचते हैं कि अपना जीवन कैसे बिताएंगे। लेकिन सेना में मेरे शुरुआती अनुभवों ने मुझे वे बुनियादी मूल्य सिखाए, जिनके आधार पर मैंने अपना जीवन जिया। ये मूल्य हैं- साहस, सम्मान और प्रतिबद्धता।’’
विलियम्स ने उस अनुभव का भी जिक्र किया जब उन्हें दुनिया भर के लोगों के साथ अंतरिक्ष में रहने और काम करने का मौका मिला।
उन्होंने कहा, ‘‘सेना में बिताए गए समय और वहां से मिली सीख के लिए मैं जितनी भी धन्यवाद दूं, कम है। मैं इन सीख को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना चाहती हूं, ताकि वे हमारी कल्पना से भी कहीं आगे बढ़कर कुछ कर सकें।’’ उन्होंने कहा, ‘‘खोज की भावना हमारे दिल और आत्मा में बसी है।’’