IAEA monitoring process cannot proceed as long as threat of military attack remains: Iran
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ईरान ने संयुक्त राष्ट्र परमाणु निगरानी निकाय से इस महीने कहा है कि जब तक उस पर सैन्य हमलों का खतरा बना हुआ है, तब तक परमाणु निगरानी को लेकर बातचीत आगे नहीं बढ़ सकती।
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईईएई) की एक गोपनीय रिपोर्ट के अनुसार ईरान ने कहा है कि देश में निरीक्षण फिर से शुरू करने पर बातचीत तब तक नहीं हो सकती, जब तक कि ‘अमेरिका के राष्ट्रपति की ओर से लगातार, स्पष्ट और सार्वजनिक धमकियां’ दी जाती रहेंगी। इन धमकियों में ईरान के खिलाफ ‘और अधिक सशस्त्र हमले’ करने की बात कही गई है, ‘जिनमें विशेष रूप से ईरान की परमाणु सुविधाओं को निशाना बनाने’ की बात शामिल है।
इस रिपोर्ट की प्रति शुक्रवार को सदस्य देशों को वितरित की गईं और इसका अवलोकन ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ ने किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक ईरान ने कहा कि स्थिति तब तक नहीं सुलझेगी, ‘‘जब तक कि मौजूदा हालात के मूल कारणों का समाधान नहीं किया जाता और सामान्य सुरक्षा उपायों को लागू करने के लिए जरूरी शर्तें बहाल नहीं हो जातीं।’’
ईरान ने जून 2025 में 12 दिनों तक चले युद्ध के दौरान, इजराइली और अमेरिकी हमलों से प्रभावित परमाणु स्थलों का निरीक्षण करने की अनुमति आईएईए निरीक्षकों को नहीं दी है। जून में हुई बमबारी के बाद से, आईएईए ईरान के पास मौजूद ‘हथियार बनाने के लगभग योग्य’ यूरेनियम के भंडार की स्थिति की पुष्टि भी नहीं कर पाया है।
इसके बावजूद, ईरान ने ‘‘संबंधित कानूनी और वास्तविक परिस्थितियां अनुकूल होते ही, अपनी सुरक्षा-संबंधी बाध्यताओं को पूरी तरह से लागू करने की प्रक्रिया फिर से शुरू करने का ‘संकल्प’ दोहराया है।
संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था ने कहा है कि ईरान के परमाणु स्थलों और परमाणु सामग्री के बारे में जानकारी का अभाव ‘प्रसार’ से जुड़ी चिंता का विषय है, जिसपर ‘अत्यंत तत्परता से कार्रवाई करना आवश्यक है’।
आईएईए ने कहा कि वह ‘‘ईरान में बहुत कम समय के नोटिस पर अपनी सुरक्षा-संबंधी गतिविधियों को फिर से शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है।’’