159 foreign and 76 Indian films to be screened at IFFI, 'Fatherland' to be the opening film
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पोलैंड के चर्चित फिल्मकार पावेल पाव्लिकोव्स्की की फिल्म ‘फादरलैंड’ 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) की शुरुआत करेगी। महोत्सव में 86 देशों की 159 विदेशी और 76 भारतीय फिल्में दिखाई जाएंगी।
पाव्लिकोव्स्की विश्व सिनेमा के चर्चित निर्देशक हैं। उनकी ‘इडा’ और ‘कोल्ड वॉर’ जैसी फिल्मों को पुरस्कार मिल चुके हैं। ‘फादरलैंड’ के लिए उन्हें कान फिल्म महोत्सव में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला था। यह फिल्म उनकी ऐतिहासिक कहानियों पर आधारित तीन फिल्मों की शृंखला की अंतिम कड़ी है।
यह फिल्म महोत्सव 20 से 28 नवंबर तक आयोजित होगा और इसका समापन सिंगापुर की फिल्म ‘वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स’ से होगा। महोत्सव के निदेशक और फिल्मकार आशुतोष गोवारिकर ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के लिए 137 देशों से कुल 1,400 फिल्में प्राप्त हुईं। इस बार के कार्यक्रम में नौ विश्व प्रीमियर, दो अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर, 24 एशिया प्रीमियर और 116 भारतीय प्रीमियर शामिल हैं। इसके अलावा 14 विशेष प्रीमियर भी होंगे।
रणवीर सिंह अभिनीत आदित्य धर की चर्चित जासूसी फिल्म ‘धुरंधर’ भारतीय पैनोरमा के फीचर फिल्म खंड की शुरुआत करेगी, जबकि गैर-फीचर फिल्म खंड की उद्घाटन फिल्म ‘बिकमिंग’ होगी।
भारतीय पैनोरमा खंड में 25 फीचर और 20 गैर-फीचर फिल्में दिखाई जाएंगी। इनका चयन 700 से अधिक प्रविष्टियों में से किया गया है।