नजर चीन पर: क्वाड ने हिंद-प्रशांत में निगरानी, महत्वपूर्ण खनिज सहयोग बढ़ाया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 26-05-2026
Eye on China: Quad boosts surveillance, critical mineral cooperation in Indo-Pacific
Eye on China: Quad boosts surveillance, critical mineral cooperation in Indo-Pacific

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद (क्वाड) के सदस्य देशों ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की बढ़ती सैन्य सक्रियता की पृष्ठभूमि में समुद्री निगरानी और बंदरगाह अवसंरचना को मजबूत करने के लिए मंगलवार को नए उपायों की घोषणा की तथा महत्वपूर्ण खनिजों एवं ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग का विस्तार किया।
 
इन नए उपायों की घोषणा नयी दिल्ली में समूह के विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद की गई। बैठक की अध्यक्षता विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने की। इसमें अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो, ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग और जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी शामिल हुए।
 
जयशंकर ने मीडिया में जारी अपने बयान में क्षेत्र के समक्ष मौजूद बड़ी चुनौतियों से निपटने के व्यापक क्वाड एजेंडे के तहत महत्वपूर्ण खनिजों से संबंधित एक रूपरेखा और हिंद-प्रशांत ऊर्जा सुरक्षा पहल की घोषणा की।
 
जयशंकर ने बैठक के अंत में कहा, ‘‘अधिकतर चर्चाएं और वास्तव में द्विपक्षीय आदान-प्रदान दुनिया की मौजूदा स्थिति पर केंद्रित रहा।’’
 
उन्होंने कहा कि विचार-विमर्श का मुख्य जोर स्वाभाविक रूप से हिंद-प्रशांत क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर रहा।
 
जयशंकर ने कहा, ‘‘चूंकि हम हिंद-प्रशांत क्षेत्र के अलग-अलग छोर पर स्थित चार समुद्री लोकतांत्रिक देश हैं इसलिए दृष्टिकोणों का आदान-प्रदान काफी महत्वपूर्ण रहा।’’