नीरज की जगह लेंगे यशवीर, तेजस और अभिषेक को 77 खिलाड़ियों की टीम में नहीं मिली जगह

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-09-2026
Yashveer will replace Neeraj, Tejas and Abhishek did not get place in the team of 77 players
Yashveer will replace Neeraj, Tejas and Abhishek did not get place in the team of 77 players

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने वाले भाला फेंक के एथलीट यशवीर सिंह को जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए चोटिल नीरज चोपड़ा की जगह बृहस्पतिवार को 77 सदस्यीय भारतीय एथलेटिक्स टीम में शामिल किया गया जबकि लंबी दूरी के धावक अभिषेक पाल को कथित डोपिंग उल्लघंन के लिए नाडा (राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी) से नोटिस जारी किए जाने के बाद टीम से बाहर कर दिया गया।
 
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने लुधियाना में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों के लिए 77 सदस्यीय ट्रैक एवं फील्ड टीम की घोषणा की। लुधियाना अभी राष्ट्रीय युवा चैंपियनशिप की मेजबानी कर रहा है।
 
पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ के धावक तेजस शिरसे को भी टीम से बाहर कर दिया गया है क्योंकि वह हाल ही में ग्लास्गो में हुए राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान चोटिल हो गए थे।
 
एएफआई अध्यक्ष बहादुर सिंह सग्गू ने कहा, ‘‘हमने नीरज चोपड़ा की जगह यशवीर को टीम में शामिल किया है जिन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीता था। नीरज चोपड़ा चोटिल हैं और इस कारण एशियाई खेलों में नहीं खेल पाएंगे। यही वजह थी कि टीम में कुछ बदलाव करना पड़ा।’’