यानिक सिनर मास्टर्स में नया रिकॉर्ड बनाकर इटालियन ओपन के सेमीफाइनल में

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 15-05-2026
Yannick Sinner sets new Masters record and reaches Italian Open semi-finals
Yannick Sinner sets new Masters record and reaches Italian Open semi-finals

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
यानिक सिनर ने मास्टर्स प्रतियोगिताओं में लगातार 32वीं जीत हासिल करके नया रिकॉर्ड बनाने के साथ पिछले 50 वर्ष में इटालियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट जीतने वाले पहले घरेलू पुरुष खिलाड़ी बनने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए।
 
सिनर खिताब से अब केवल दो जीत दूर हैं और उनकी शानदार फॉर्म को देखते हुए वह फ्रेंच ओपन में भी खिताब के प्रबल दावेदार बन गए हैं।
 
विश्व की नंबर एक खिलाड़ी सिनर ने दुनिया के 14वें नंबर के खिलाड़ी एंड्री रुबलेव पर 6-2, 6-4 से जीत हासिल करके सेमीफाइनल में जगह बनाई। यह उनकी मास्टर्स प्रतियोगिताओं में लगातार 32वीं जीत थी और इस तरह से उन्होंने नोवाक जोकोविच का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
 
जोकोविच ने 2011 में मास्टर्स टूर्नामेंट में लगातार 31 मैच जीते थे। सिनर का लक्ष्य जोकोविच के बाद सभी नौ मास्टर्स टूर्नामेंट जीतने वाला दूसरा खिलाड़ी बनना भी है। जोकोविच ने प्रत्येक टूर्नामेंट को कम से कम दो बार जीता है। इटालियन ओपन एकमात्र मास्टर्स टूर्नामेंट है जिसे सिनर ने नहीं जीता है।
 
सिनर ने बाद में कहा, ‘‘मैं रिकॉर्ड के लिए नहीं खेलता। मैं खुद के लिए खेलता हूं। यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है।’’
 
इटालियन ओपन जीतने वाले इटली के अंतिम पुरुष खिलाड़ी एड्रियानो पनाटा थे, जिन्होंने 1976 में यह उपलब्धि हासिल की थी। पनाटा रविवार को इस वर्ष के चैंपियन को ट्रॉफी प्रदान करेंगे।
 
सिनर का सेमीफाइनल में मुकाबला 2023 के चैंपियन दानिल मेदवेदेव से होगा, जिन्होंने स्पेनिश क्वालीफायर मार्टिन लैंडालुस को 1-6, 6-4, 7-5 से हराया।
 
दूसरे सेमीफाइनल में नॉर्वे के कैस्पर रूड का मुकाबला अर्जेंटीना में जन्मे इतालवी खिलाड़ी लुसियानो डार्डेरी से होगा।