हमें मानसिक पहलू पर काम करने की जरूरत है: सात्विक

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 25-09-2026
We need to work on mental trainers: Satwik
We need to work on mental trainers: Satwik

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारतीय पुरुष युगल बैडमिंटन के दिग्गज खिलाड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी ने शुक्रवार को यहां कहा कि दूसरे गेम में बेहतर स्थिति होने के बावजूद उन्होंने और उनके साथी चिराग शेट्टी ने मैच अपने हाथ से जाने दिया और उनका मानना है कि उन्हें मानसिक पहलू पर काम करने की जरूरत है।

विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर काबिज भारतीय जोड़ी को थाईलैंड के पक्कापोन टीरारत्सकुल और पीरत्चाई सुकफुन ने पहले दौर में एक घंटे आठ मिनट तक चले मुकाबले में 12-21 21-19 21-14 से हराकर बाहर कर दिया।
 
सात्विक ने मैच के बाद कहा, ‘‘काफी उतार-चढ़ाव भरा प्रदर्शन रहा। मुझे लगता है कि पहले गेम में हमने अच्छा प्रदर्शन किया था। हम जानते थे की परिस्थितियां मुश्किल होगी क्योंकि हम टीम प्रतियोगिता में लगातार खेल रहे हैं। हम कल रात 12 बजे तक यहां थे और अभी-अभी हमने एक अच्छा मैच खेला। इसलिए यह आसान नहीं था लेकिन हमने पूरी तैयारी की थी।’’
 
जब सात्विक से पूछा गया कि खेल के किस पहलू पर उन्हें काम करने की जरूरत है तो उन्होंने कहा, ‘‘यह मानसिक पहलू है। जब भी हम मानसिक रूप से मजबूत रहते हैं तो मुझे लगता है कि तब हमें कोई भी नहीं हरा सकता लेकिन जब हम किसी तरह के दबाव में आ जाते हैं तो हम की अपनी विरोधी टीम को जीत का मौका दे देते हैं।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘यह एक प्रक्रिया है। हम लगातार सीखते रहते हैं और हमें अब अपने मानसिक पहलू पर काम करना होगा।’’