Diya and Manush secured a medal by reaching the semi-finals of mixed doubles table tennis.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत के मानुष शाह और दीया चिताले ने शुक्रवार को यहां एशियाई खेलों की टेबल टेनिस प्रतियोगिता के मिश्रित युगल स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में हांगकांग की विश्व की चौथे नंबर की जोड़ी डू होई केम और वोंग चुन टिंग को हराकर पदक पक्का कर लिया।
दीया और मानुष ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को 3-1 (11-6, 13-15, 11-9, 11-5) से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसके साथ ही मौजूदा एशियाई खेलों में टेबल टेनिस में भारत का पहला पदक भी सुनिश्चित हो गया।
एशियाई खेलों में मिश्रित युगल में यह भारत का दूसरा पदक होगा। इससे पहले शरत कमल और मनिका बत्रा ने आठ साल पहले जकार्ता एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था।
भारतीय जोड़ी का सेमीफाइनल में मुकाबला में आज ही चीन की सुन यिंगशा और वांग चुकिन से होगा।
शाह ने ईरान के बेन्यामिन फराजी को 4-0 से हराकर पुरुष एकल में भी अगले दौर में प्रवेश किया, जबकि यशस्विनी घोरपड़े ने सीरिया की हेंड ज़ाज़ा को 4-1 (11-5 11-5 11-8 8-11 11-4) से हराकर महिला एकल के राउंड ऑफ़ 16 में अपनी जगह पक्की कर ली।
भारत के अन्य खिलाड़ियों का प्रदर्शन हालांकि निराशाजनक रहा।
मानव ठक्कर राउंड ऑफ़ 32 में उत्तर कोरिया के यू ताए रयोंग से 2-4 (11-4 2-11 7-11 7-11 11-4 3-11) से हारने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गए, जबकि श्रीजा अकुला भी इसी चरण में प्योन सोंग ग्योंग से 1-4 (7-11 8-11 13-11 7-11 7-11) से हारकर बाहर हो गईं।