Thulasimthi and Nitesh in mixed doubles and Naveen in singles finals, India also won five bronze medals
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
थुलासिमथी मुरुगेसन और नितेश कुमार की भारतीय जोड़ी ने बृहस्पतिवार को यहां एशियाई पैरा खेलों की बैडमिंटन प्रतियोगिता के मिश्रित युगल एसएल3-एसयू5 जबकि नवीन शिवकुमार ने पुरुष एकल एसएल4 स्पर्धा फाइनल में प्रवेश किया।
भारतीय खिलाड़ियों ने इसके अलावा पांच कांस्य पदक भी जीते।
थुलासिमथी और नितेश ने इचिनोमिया सिटी म्युनिसिपल जिम्नेजियम में खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल में चीन के ली मिंगपान और शियाओ ज़ुक्सियन को 21-19, 14-21, 21-17 से पराजित किया। यह मैच 42 मिनट तक चला।
नितेश ने मैच के बाद कहा, ‘‘हम इनमें से अधिकतर खिलाड़ियों के खिलाफ पहले कई बार खेल चुके हैं और उनके मजबूत पक्ष को जानते हैं। इसलिए हमें यह पता था कि हमें प्रत्येक प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ कैसे खेलना है। बीच में हमारा ध्यान थोड़ा भटक गया और हमने कुछ गलतियां कर दीं, लेकिन अच्छी बात यह थी कि तीसरे सेट की शुरुआत में हमने अपनी लय वापस पा ली।’’
नवीन ने पुरुष एकल एसएल4 सेमीफाइनल में हमवतन अभिजीत सखूजा को 21-13, 21-15 से हराया।
उन्होंने मैच के बाद कहा, ‘‘मैं पहली बार इन खेलों में भाग ले रहा हूं और फाइनल में पहुंचकर गर्व महसूस कर रहा हूं। आमतौर पर मेरी शुरुआत अच्छी नहीं रहती है लेकिन इस बार मैंने शुरू से ही अच्छा प्रदर्शन किया जिसका मुझे फायदा मिला।’’