15वीं जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप: हरियाणा, छत्तीसगढ़, झारखंड, यूपी सेमीफाइनल में

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 09-08-2025
15th Junior Women's Hockey Championship: Haryana, Chhattisgarh, Jharkhand, UP conquered the quarter finals
15th Junior Women's Hockey Championship: Haryana, Chhattisgarh, Jharkhand, UP conquered the quarter finals

 

काकीनाड़ा (आंध्र प्रदेश)

काकीनाड़ा, आंध्र प्रदेश में खेले जा रहे 15वें हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप - डिवीजन ‘ए’ के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में हॉकी हरियाणा, छत्तीसगढ़ हॉकी, हॉकी झारखंड और उत्तर प्रदेश हॉकी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली।

दिन के पहले क्वार्टर फाइनल में हॉकी हरियाणा ने हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा को 4-1 से मात दी। विजेता टीम ने दमदार शुरुआत करते हुए दूसरे ही मिनट में काजल के गोल से बढ़त बना ली। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में सुप्रिया (27’) ने एक और गोल कर बढ़त दोगुनी कर दी। तीसरे क्वार्टर में कप्तान साशी खासा (36’) ने गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया। चौथे क्वार्टर में अमीषा एक्का (47’) ने ओडिशा के लिए एकमात्र सांत्वना गोल दागा, लेकिन आखिरी मिनट में सावी (60’) ने गोल कर हरियाणा की जीत पक्की कर दी।

दूसरे क्वार्टर फाइनल में छत्तीसगढ़ हॉकी ने हॉकी मध्य प्रदेश को शूटआउट में 2-1 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया। निर्धारित समय में मुकाबला 1-1 से बराबरी पर रहा। मैच की शुरुआत में ही यशोदा (2’) ने छत्तीसगढ़ के लिए गोल किया, लेकिन पहले क्वार्टर के अंत में हुडा खान (15’) ने मध्य प्रदेश के लिए बराबरी का गोल कर दिया। इसके बाद अगले तीन क्वार्टर में कोई टीम गोल नहीं कर पाई और मैच शूटआउट में पहुंचा। शूटआउट में मध्य प्रदेश की काजल ने एक गोल किया, जबकि छत्तीसगढ़ की कप्तान रुखमणी ने अपने दोनों प्रयासों में गोल कर टीम को जीत दिला दी।

तीसरे क्वार्टर फाइनल में हॉकी झारखंड ने हॉकी पंजाब को 3-1 से हराया। पंजाब की पवनप्रीत कौर (6’) ने पेनल्टी कॉर्नर से मैच का पहला गोल किया, लेकिन यह बढ़त सिर्फ एक मिनट ही कायम रह पाई। स्वीटी डुंगडुंग (7’) ने झारखंड के लिए फील्ड गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद शांति कुमारी (22’) और रोशनी ऐंद (46’) ने गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित की।

दिन के आखिरी क्वार्टर फाइनल में उत्तर प्रदेश हॉकी ने हॉकी महाराष्ट्र को 2-1 से पराजित किया। मैच का पहला हाफ बेहद कड़ा और गोलरहित रहा। तीसरे क्वार्टर में सल्लू पुख़्रमबम (36’) ने यूपी के लिए पहला गोल किया, लेकिन कुछ ही देर बाद महाराष्ट्र की दिशा नितिन शिंदे (45’) ने फील्ड गोल कर मैच को फिर बराबरी पर ला दिया। निर्णायक गोल चौथे क्वार्टर में आया, जब रश्मि पटेल (55’) ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर उत्तर प्रदेश को जीत दिलाई।