आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महान भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर अपने करियर के 26 खास बल्ले मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के शरद पवार क्रिकेट संग्रहालय को भेंट करेंगे।
इन बल्लों में वे बल्ले भी शामिल हैं, जिनसे सचिन ने अपने 100 अंतरराष्ट्रीय शतकों में से कई यादगार शतक जड़े थे। बल्लों के अलावा उनके हेलमेट, जर्सी और करियर के महत्वपूर्ण पलों से जुड़े निजी नोट्स सहित कई अन्य यादगार वस्तुएं भी संग्रहालय में प्रदर्शित की जाएंगी।
इन अनमोल धरोहरों की प्रदर्शनी का अनावरण 16 नवंबर को एक विशेष समारोह में किया जाएगा। ‘बैटोग्राफी’ नाम से आयोजित इस प्रदर्शनी के माध्यम से सचिन तेंदुलकर के शानदार क्रिकेट सफर को उनके करियर के विभिन्न दौर में इस्तेमाल किए गए बल्लों के जरिए दर्शाया जाएगा।
प्रदर्शनी का अनावरण तेंदुलकर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की 13वीं वर्षगांठ के अवसर पर होगा। उन्होंने 16 नवंबर 2013 को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर करियर का 200वां और आखिरी टेस्ट मैच खेला था। इसी के साथ उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।