कोलंबो
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के मुख्य कोच माइक हेसन ने साफ किया है कि तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी को नामीबिया के खिलाफ मैच से बाहर रखने और बाबर आज़म को बल्लेबाजी क्रम में नीचे भेजने का फैसला भारत से मिली हार की वजह से नहीं लिया गया। उन्होंने इन अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि टीम संयोजन और खिलाड़ियों की भूमिकाओं को ध्यान में रखकर ये बदलाव किए गए हैं।
भारत से 61 रन की हार के बाद उठे सवाल
टी20 विश्व कप में पाकिस्तान को भारत के हाथों 61 रन से हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में शाहीन ने आखिरी ओवर में 15 रन खर्च किए थे, जबकि बाबर आज़म सिर्फ पांच रन बनाकर आउट हो गए थे। इसके बाद टीम चयन और बल्लेबाजी क्रम को लेकर आलोचना तेज हो गई थी।
हालांकि हेसन ने मीडिया से बातचीत में कहा, “ऐसी बात नहीं है कि ये फैसले भारत से हार के कारण लिए गए। हमें तेज गेंदबाज सलमान मिर्जा को भी मौका देना था। टीम संतुलन बनाए रखना जरूरी है।”
बाबर के स्ट्राइक रेट पर भी बोले हेसन
कोच हेसन ने बाबर आज़म की भूमिका पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि पावरप्ले में बाबर का स्ट्राइक रेट विश्व कप मुकाबलों में 100 से कम रहा है, जो टीम की जरूरतों के मुताबिक नहीं है।हेसन ने कहा, “बाबर को इस बात का अंदाजा है। हमें पावरप्ले में तेज शुरुआत चाहिए। वह मध्यक्रम में बेहतर खेल सकता है। अमेरिका के खिलाफ मैच में हमने देखा कि एक बार क्रीज पर सेट होने के बाद वह तेजी से रन बना सकता है।”
टीम रणनीति में बदलाव की झलक
पाकिस्तान टीम प्रबंधन अब मैच की परिस्थितियों और विपक्षी टीम के हिसाब से लचीली रणनीति अपना रहा है। शाहीन को आराम देना और सलमान मिर्जा को मौका देना इसी रणनीति का हिस्सा बताया जा रहा है।
हेसन ने दोहराया कि यह बदलाव खिलाड़ियों की फॉर्म, भूमिका और टीम की जरूरतों के आधार पर किए गए हैं, न कि किसी एक मैच की हार के दबाव में।टी20 विश्व कप के आगामी मुकाबलों में पाकिस्तान की नजरें बेहतर प्रदर्शन और सेमीफाइनल की दौड़ में मजबूती से बने रहने पर टिकी हैं।





