Suryakumar Yadav smashed 60 off 21 balls to power Mumbai to a seven-wicket win over Hyderabad.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव की 21 गेंद में खेली गई नाबाद 60 रन की तूफानी पारी की बदौलत मुंबई ने शनिवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप डी मुकाबले में हैदराबाद को सात विकेट से करारी शिकस्त दी।
मुंबई ने केवल 13.1 ओवर में तीन विकेट खोकर 172 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।
सूर्यकुमार ने अपनी विस्फोटक पारी में छह चौके और पांच छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 285.71 का रहा। उन्होंने महज 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर जाधवपुर विश्वविद्यालय परिसर मैदान पर मुंबई के दबदबे का नमूना पेश किया।
मुंबई ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत 13.1 ओवर में तीन विकेट पर 174 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
युवा बल्लेबाज मुशीर खान ने भी 24 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 51 रन की शानदार पारी खेली। वहीं अंगकृष रघुवंशी ने 13 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 27 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई।
हार्दिक तामोरे ने 16 गेंदों पर 22 रन का योगदान दिया। इसके बाद मुशीर और सूर्यकुमार ने आक्रामक साझेदारी कर मुंबई को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया।
अजय देव गौड़ ने 12वें ओवर में मुशीर को आउट किया। मुशीर ने सूर्यकुमार के साथ तीसरे विकेट के लिए 65 रन जोड़े। हालांकि, सूर्यकुमार ने इसके बाद टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया।
शिवम दुबे ने पांच गेंदों पर दो छक्कों की मदद से नाबाद 13 रन बनाकर जीत की औपचारिकता पूरी की।
इससे पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवर में 172 रन बनाए। उसकी ओर से अभिरथ रेड्डी ने 24 गेंदों पर 35 रन बनाकर सर्वाधिक स्कोर किया।