सूर्यवंशी पुरुष टी20 क्रिकेट इतिहास में सबसे युवा कप्तान बने

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-11-2026
Suryavanshi became the youngest captain in men's T20 cricket history
Suryavanshi became the youngest captain in men's T20 cricket history

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
किशोर बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शनिवार को यहां सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र के खिलाफ बिहार की कप्तानी करते हुए पुरुष टी20 क्रिकेट इतिहास के सबसे युवा कप्तान बनने का रिकॉर्ड बनाया।
 
सूर्यवंशी ने 15 साल और 232 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने क्रोएशिया के जैक वुकुसिक का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने सात अगस्त 2025 को साइप्रस के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में 17 साल और 311 दिन की उम्र में अपनी राष्ट्रीय टीम की कप्तानी की थी।
 
रणजी ट्रॉफी 2026-27 सत्र के पहले चरण में लगातार चार हार के साथ खराब शुरुआत करने वाली बिहार की टीम ने घरेलू टी20 प्रतियोगिता के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए इस युवा खिलाड़ी को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी है।
 
हालांकि इस मुकाबले में सूर्यवंशी बल्ले से खास योगदान नहीं दे सके। उन्होंने 12 गेंद में 18 रन बनाए और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज चेतन सकारिया की गेंद पर उन्हीं को कैच दे बैठे। होलकर स्टेडियम में टॉस जीतकर बिहार ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था।
 
यह नियुक्ति इस युवा खिलाड़ी के तेजी से बढ़ते करियर में एक और उपलब्धि है। उन्होंने महज पांच महीने पहले भारतीय टीम के लिए पदार्पण किया था। उन्हें 2026-27 दलीप ट्रॉफी के लिए इशान किशन की जगह पूर्वी क्षेत्र का उपकप्तान भी नियुक्त किया गया था।
 
उनका पिछला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के टी20 दौरे पर था जहां उन्होंने दो मैच खेले और 49 रन बनाए। इस शृंखला में उनका 19 गेंद में 45 रन का योगदान खास रहा था। उन्होंने अभिषेक शर्मा के साथ महज 7.1 ओवर में पहले विकेट के लिए 133 रन की साझेदारी की थी। भारत ने यह शृंखला 3-2 से जीती थी।
 
सूर्यवंशी के 19 नवंबर से दोहा में होने वाले एसीसी राइजिंग स्टार्स इमर्जिंग टूर्नामेंट के लिए भारत ए टीम से जुड़ने से पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का एक और मुकाबला खेलने की उम्मीद है।