छोटी लीग, बड़े सपने: एमसीडी दिल्ली के बच्चों के लिए शुरू करेगी फुटबॉल और क्रिकेट लीग

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 31-07-2026
Small leagues, big dreams: MCD to launch football and cricket leagues for Delhi children
Small leagues, big dreams: MCD to launch football and cricket leagues for Delhi children

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 राजधानी दिल्ली में फुटबॉल और क्रिकेट खेलने वाले हजारों नन्हे खिलाड़ियों को जल्द ही अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए शहरव्यापी मंच मिल सकता है।
 
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) अंडर-9 और अंडर-11 आयु वर्ग के लड़के-लड़कियों के लिए मिनी फुटबॉल और क्रिकेट लीग शुरू करने की तैयारी में है, जिसका उद्देश्य जमीनी स्तर से खेल प्रतिभाओं को निखारना और नियमित प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराना है।
 
प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद इस लीग का आयोजन अक्टूबर से शुरू किए जाने की योजना है। इसका उद्देश्य जमीनी स्तर से खेल प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें नियमित प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना है।
 
प्रस्ताव के अनुसार फुटबॉल और क्रिकेट दोनों खेलों में 84-84 टीमें हिस्सा लेंगी। एमसीडी के 12 जोन से सात-सात टीमें उतारी जाएंगी। प्रत्येक क्षेत्र में एक टीम एमसीडी स्कूलों के विद्यार्थियों की होगी, जबकि अन्य छह टीमें निजी स्कूलों, खेल अकादमियों, संस्थागत क्लबों और स्थानीय टीमों से होंगी।
 
प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद निजी टीमों से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। एमसीडी स्कूलों के विद्यार्थियों और टीमों के लिए भागीदारी पूरी तरह निशुल्क होगी, जबकि निजी संस्थानों और अकादमियों से निर्धारित पंजीकरण एवं प्रबंधन शुल्क लिया जाएगा।
 
एक अधिकारी ने कहा, ‘‘इस पहल का उद्देश्य जमीनी स्तर पर सुनियोजित प्रतियोगी ढांचा तैयार करना है, ताकि नगर निगम स्कूलों के बच्चों को भी शहर की अन्य स्कूलों, खेल अकादमियों और स्थानीय टीमों के साथ नियमित रूप से प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिल सके।’’