आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राजस्थान रॉयल्स की टीम मुंबई इंडियंस के खिलाफ रविवार को यहां होने वाले लीग चरण के अपने अंतिम मैच में जीत हासिल करके इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुका है और वह जीत के साथ विदाई लेने के लिए प्रतिबद्ध होगा लेकिन राजस्थान रॉयल्स के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण है जिसमें जीत पर वह प्लेऑफ में पहुंचने वाली अंतिम टीम बन जाएगी।
इस मैच में संभावित रूप से गर्म और उमस भरे रविवार की दोपहर में दोनों टीमों की सहनशक्ति और फिटनेस की परीक्षा होगी।
रॉयल्स फिलहाल 14 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। उसे मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत हासिल करनी होगी, जिससे उसके 16 अंक हो जाएंगे। इससे वह प्लेऑफ के अंतिम स्थान के दो अन्य दावेदार पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स दोनों पर कम से कम एक अंक की बढ़त हासिल कर लेगा।
लेकिन अगर रॉयल्स की टीम रविवार को हार जाती है, तो उसे प्ले-ऑफ में पहुंचने के लिए यह उम्मीद करनी होगी कि पंजाब और नाइट राइडर्स दोनों को भी अपने अंतिम मैचों में हार का सामना करना पड़े।
रॉयल्स ने अपने पिछले पांच मुकाबलों में जीत से ज्यादा हार का सामना किया है लेकिन वे मुंबई के खिलाफ जीत के लिए जीजान लगा देंगे। उसके खिलाड़ी यहां की परिस्थितियों से अच्छी तरह अवगत हैं।
मुंबई इंडियंस के लिए वैभव सूर्यवंशी की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से कहीं ज्यादा बड़ा खतरा यशस्वी जायसवाल हैं। स्थानीय खिलाड़ी जायसवाल ने गुवाहाटी में जसप्रीत बुमराह की अगुवाई वाले गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ जमकर बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंदों में 77 रन बनाए थे।
जायसवाल उस मैदान पर वापसी कर रहे हैं जहां उन्होंने तीन साल पहले आईपीएल में अपना पहला शतक लगाया था। उन्होंने इसके बाद अगले साल उसी प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ अपना दूसरा शतक बनाया था।
लेकिन राजस्थान रॉयल्स को अभी भी अपने कप्तान रियान पराग और ध्रुव जुरेल से अधिक निरंतरता की जरूरत होगी। यह दोनों बल्लेबाजी क्रम में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं लेकिन बीच के ओवरों में जरूरी गति प्रदान नहीं कर पाए हैं।
मौजूदा फॉर्म को देखते हुए रॉयल्स को एक अधिक खतरनाक टीम का सामना करना पड़ेगा। मुंबई के कुछ खिलाड़ी अच्छी फॉर्म में लौट आए हैं। इन दोनों टीम ने हालांकि पिछले पांच मैचों में तीन हार और दो जीत हासिल की हैं।