Removing Dhoni from RPS captaincy was shocking, Smith handled the situation well: Du Plessis
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2016 के बाद महेंद्र सिंह धोनी को राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स (आरपीएस) की कप्तानी से हटाए जाने के फैसले को याद करते हुए कहा कि इस कदम से हर कोई हैरान रह गया था।
उन्होंने कहा कि स्टीव स्मिथ ने हालांकि मुश्किल परिस्थितियों को अच्छी तरह संभाला और कप्तान के रूप में अपने पहले ही सत्र में टीम को फाइनल तक पहुंचाया।
‘क्रिकइंफो’ के कार्यक्रम ‘क्रिकेटर्स ऑन क्रिकेटर्स’ में डु प्लेसी ने कहा कि टूर्नामेंट के इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शामिल धोनी को कप्तानी से हटाने का फैसला सभी के लिए चौंकाने वाला था।
डु प्लेसी ने कहा, ‘‘आईपीएल 2016 सत्र के बाद एमएस धोनी को राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की कप्तानी से हटा दिया गया था। इतने बड़े टूर्नामेंट में यह सबसे बड़े फैसलों में से एक था। हम कुछ मैच हार गए थे और उस समय टीम के मालिक ने कप्तान बदलने का फैसला किया। इस फैसले से हर कोई हैरान था।’’
उन्होंने कहा, “धोनी कप्तान नहीं रहे और स्टीव स्मिथ को नयी जिम्मेदारी मिली थी। कप्तानी के लिहाज से स्मिथ का करियर उस समय शुरुआती दौर में था। उनके पास ज्यादा अनुभव नहीं था, लेकिन उन्होंने अच्छा काम किया।’’