आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने आईपीएल के लिए मार्को यानसेन के देर से आने को स्वीकृति दे दी है। उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि यह दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर उन खिलाड़ियों के आखिरी समूह में शामिल था जो टी20 विश्व कप के बाद ‘लॉजिस्टिक्स’ से जुड़ी दिक्कतों के कारण भारत से देर से रवाना हुए थे।
दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाड़ी विश्व कप में अपना सफर खत्म होने के बाद एक हफ्ते से अधिक समय तक भारत में ही फंसे रहे थे।
वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डैरेन सैमी और दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज डेविड मिलर सहित कुछ खिलाड़ियों ने भारत से रवाना होने में हुई देरी पर नाराजगी भी जाहिर की थी। यह देरी पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण दुबई और अबु धाबी जैसे बड़े हवाई अड्डों पर सीमित उड़ानों की वजह से हुई थी।
पंजाब किंग्स टीम के अहम सदस्य यानसेन 26 मार्च को टीम के साथ जुड़ेंगे। पोंटिंग और अधिकतर विदेशी खिलाड़ी 21 मार्च को टीम के साथ जुड़ने वाले हैं।
अफगानिस्तान के ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई 23 मार्च को काबुल से टीम के साथ जुड़ेंगे। उनका देश इस समय पाकिस्तान के साथ संघर्ष में उलझा हुआ है।
पंजाब किंग्स के साथ अपने पहले ही साल में पोंटिंग और कप्तान श्रेयस अय्यर की जोड़ी ने पिछले सत्र में टीम को फाइनल तक पहुंचाया था। यह 2014 के बाद टीम का पहला फाइनल था।