दौरों और शिविर का मेल, मारिन ने विश्व कप और एशियाई खेलों के लिए तैयारी की योजना बनाई

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-03-2026
Combining tours and camps, Marijne plans preparations for World Cup and Asian Games
Combining tours and camps, Marijne plans preparations for World Cup and Asian Games

 

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 


 
भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन इस साल होने वाले विश्व कप और एशियाई खेलों की टीम को तैयार करने के लिए विदेशी दौरों, मुकाबलों के अनुभव और राष्ट्रीय शिविर के मेल पर भरोसा कर रहे हैं।

विश्व कप अगस्त में बेल्जियम और नीदरलैंड में होना है जबकि एशियाई खेल सितंबर में जापान में होंगे।

भारतीय महिला टीम 15 से 21 जून तक ऑकलैंड में एफआईएच हॉकी नेशंस कप में हिस्सा लेगी। टीम के अमेरिका और अर्जेंटीना का दौरा करने तथा जर्मनी और नीदरलैंड के खिलाफ मैच खेलने का भी कार्यक्रम है।

मारिन ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘हमारा अमेरिका और अर्जेंटीना का दौरा है, न्यूजीलैंड में नेशंस कप है और जर्मनी में अभ्यास मैच हैं। हम नीदरलैंड में भी कुछ मैच खेलेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ये पूर्व निर्धारित मुकाबले और हमारे शिविर मिलकर हमें विश्व कप और एशियाई खेलों के लिए तैयार होने के लिए मैच और ट्रेनिंग का एक बहुत अच्छा मेल देते हैं।’’

विश्व कप में भारत को पूल डी में इंग्लैंड, चीन और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है।

इस ग्रुप में चीन दुनिया की चौथी नंबर की टीम है। इंग्लैंड की रैंकिंग छठी है जबकि भारत और दक्षिण अफ्रीका क्रमशः नौवें और 19वें स्थान पर हैं।

मारिन ने कहा, ‘‘यह एक बहुत ही प्रतिस्पर्धी और संतुलित पूल है। इसमें इंग्लैंड और चीन जैसी टीमें हैं जो अलग-अलग शैली और बहुत सारा अनुभव लेकर आती हैं जबकि दक्षिण अफ्रीका हमेशा अप्रत्याशित होती है और अपने दिन पर खतरनाक साबित हो सकती है।’’