ईडी की कार्रवाई से खौफजदा नहीं, राजनीतिक और कानूनी तौर पर निपटेंगे: रियास

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-08-2026
Not scared of ED action, will deal with it politically and legally: Riyaz
Not scared of ED action, will deal with it politically and legally: Riyaz

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता पी ए मोहम्मद रियास ने बुधवार को कहा कि एक दिन पहले उनके करीबी लोगों के घरों और कारोबारी प्रतिष्ठानों पर हुई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई का वह और पार्टी राजनीतिक तथा कानूनी, दोनों स्तरों पर मुकाबला करेंगे।

माकपा के राज्य सचिव एम वी गोविंदन ने भी इसी तरह का विचार व्यक्त किया और दावा किया कि ईडी अब पूर्व मुख्यमंत्री पिनारई विजयन की बेटी वीणा टी के पति रियास को निशाना बनाने की कोशिश कर रही है।
 
ईडी ने मंगलवार को सीएमआरएल-एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस मामले से जुड़े धनशोधन की जांच के तहत केरल में कई स्थानों पर नए सिरे से तलाशी अभियान चलाया, जिसमें वीणा से पूछताछ की गई थी।
 
एजेंसी ने पीएमएलए के तहत कार्रवाई करते हुए कोझिकोड में आठ स्थानों पर तलाशी ली।
 
रियास ने संवाददाताओं से कहा कि तलाशी के दौरान एजेंसी को कुछ भी अवैध नहीं मिला, लेकिन वीणा, खुद उनके और पार्टी के बारे में संदेह उत्पन्न करने के लिए ‘‘झूठी खबरें’’ फैलाई गईं।
 
उन्होंने वीणा द्वारा नई कंपनी शुरू किए जाने की खबरों को भी गलत बताया और कहा कि उसका नाम उनके विधानसभा चुनाव के नामांकन पत्र में दर्ज था तथा यह इकाई गुप्त रूप से काम नहीं कर रही थी।
 
पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि उनकी पत्नी उच्च शिक्षित और स्वतंत्र महिला हैं तथा उन्हें कारोबार करने से नहीं रोका जा सकता।
 
उन्होंने कहा, ‘‘हम इस मामले और इसके संबंध में फैलाई जा रही झूठी खबरों से राजनीतिक और कानूनी, दोनों स्तर पर निपटेंगे।’’
 
रियास ने कहा कि उनके करीबी पारिवारिक मित्रों से जुड़े परिसरों पर तलाशी ली गई, जिन्हें वह कॉलेज के दिनों या उससे पहले से जानते हैं और जो विभिन्न प्रकार के कारोबार उचित एवं कानूनी तरीके से कर रहे हैं।